बाराबंकी। बिजली कनेक्शन पाने के लिए 512 उपभोक्ता महीनों से भटक रहे हैं। पॉवर कॉपोरेशन के पास लगाने के लिए खंभे व मीटर ही नहीं है। इस कारण कनेक्शन का पैसा जमा कराने के बाद भी लोगों को उपकेंद्र के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। झटपट पोर्टल भी तकनीकी दिक्कतों के कारण उपभोक्ताओं को बिजली कनेक्शन लंबित होने के संबंध में कोई जानकारी नहीं दे पा रहा है। जिम्मेदारों का कहना है कि पोर्टल के अपग्रेडेशन का काम चल रहा है, जिससे प्रक्रिया में देरी हो रही है।
पीड़ित उपभोक्ता मनोज गुप्ता ने बताया कि उन्होंने कनेक्शन के लिए 25 दिन पूर्व आवेदन किया था। पैसा भी जमा करा दिया। लेकिन खंभा न होने से तार नहीं खींचा जा सका और आज तक कनेक्शन नहीं हो सका। राम सेवक ने नलकूप के लिए आवेदन किया था, डेढ़ माह बीत गया लेकिन स्टोर से सामान नहीं मिलने से कनेक्शन नहीं हो सका। रामनगर डिवीजन में करीब 198 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन लंबित हैं। अधिशासी अभियंता दिलीप यादव ने बताया कि 98 कनेक्शन मीटर की कमी और 100 कनेक्शन भुगतान न होने की वजह से लंबित हैं। फतेहपुर में करीब 54 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन नहीं हो सके है। झटपट पोर्टल की तकनीकी दिक्कतों के चलते उपभोक्ताओं को कनेक्शन लेने में मुश्किलें आ रही हैं। कस्बा निवासी अनिल अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने पांच किलोवाट का कनेक्शन एक महीने पहले ही आवेदन किया था, लेकिन अभी तक कनेक्शन नहीं हो पाया।
हैदरगढ़ में 37 और रामसनेहीघाट में 200 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन नहीं हो सके हैं। अधिशासी अभियंता शैलेंद्र सिंह ने बताया कि सर्वर की समस्या से दिक्कत आ रही है। अधीक्षण अभियंता राजबाला ने बताया कि पोर्टल के अपग्रेडेशन का कार्य चल रहा है, जिससे समस्याएं आ रही हैं। जल्द ही उपभोक्ताओं की समस्या का समाधान कराया जाएगा।