बाराबंकी। गैस एजेंसी संचालक पूरी तरह से मनमानी कर रहे हैं। जिन उपभोक्ताओं के गैस की बुकिंग करा रखी है उन्हें भी गैस नहीं दी जा रही है। इससे उपभोक्ताओं की दिक्कतें बढ़ती जा रही है।
घुंघटेर के क्षेत्र में संचालित सेंदर साईं इंडियन गैस एजेंसी पर पिछले चार दिनों से उपभोक्ताओं को गैस नहीं दी जा रही है। डिगरी गांव निवासी विनय ने बताया कि 26 मार्च को गैस बुक कराई थी लेकिन गैस नहीं मिल रही है। सीमा का कहना है कि उन्होंने 31 मार्च को गैस बुक कराई थी लेकिन गैस नहीं मिली।
वहीं नूर गैस एजेंसी का भी यही हाल है। जानीनगर के जगदीश ने बताया कि उज्ज्वला योजना के तहत जनवरी में सिलिंडर भराया था। छह मार्च को गैस बुक कराई थी लेकिन लेने नहीं जा सका। अब मोबाइल पर गैस डिलीवरी का मेसेज आया है। एजेंसी पर संपर्क किया तो बताया जा रहा है कि आपकी गैस डिलीवर हो चुकी है। दोबारा बुकिंग कराइये तभी गैस मिल पाएगी।
डीएसओ डॉ. राकेश तिवारी का कहना है कि कंपनियों ने कुछ बदलाव किए हैं, इससे दिक्कतें आ रही है। पूर्ति निरीक्षक को भेज मामले की जांच कराई जाएगी। गैस एजेंसी एसोसिएशन के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह बताते हैं कि पहले एजेंसी संचालक बुकिंग के बाद उपभोक्ता को सिलिंडर दे देते थे लेकिन नए नियमों के तहत जब तब डिलीवर कोड नहीं मिलेगा तो गैस नहीं दी जा सकती है। जबकि कोड जल्द मोबाइल पर नहीं आ रहा है, इससे और दिक्कत हो रही है। उन्होंने बताया गैस बुकिंग को दो श्रेणी 25 और 45 दिन में बांट दिया गया। शहरी क्षेत्र की कई एजेंसियां ग्रामीण में और ग्रामीण की कई एजेंसियां शहरी क्षेत्र में दर्ज करा दी है।
दरियाबाद में कस्बा स्थित ओम गैस एजेंसी पर हालात अब सामान्य हो रहे है। शनिवार को पूर्व की अपेक्षा कम भीड़ देखी गई। वही गैस एजेंसी द्वारा दरियाबाद कस्बा और मथुरानगर में होम डिलीवरी की सुविधा भी शुरू की गई है। एजेंसी प्रबंधक नितिन शर्मा ने बताया कि हालात धीरे धीरे सामान्य हो रहे है। उपभोक्ताओं की सुविधा का पूरा ध्यान दिया जा रहा है।