बाराबंकी। बुकिंग के बाद भी उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल रही है। एजेंसी संचालक पूरी तरह से मनमानी पर उतारू हो चुके हैं। इससे नाराज उपभोक्ताओं ने शुक्रवार को शहर कोतवाली के निकट रुपल गैस एजेंसी के ऑफिस के बाहर सड़क जामकर जोरदार प्रदर्शन किया। जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. राकेश तिवारी ने प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं से वार्ता कर गैस का वितरण शुरू कराया, तब जाकर आवागमन बहाल हो सका। डीएसओ ने बताया कि मामले की जांच पूर्ति निरीक्षक को सौंपी गई है।
प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं का आरोप है कि रुपल गैस एजेंसी से एक सप्ताह पहले गैस बुक कराई गई थी। शुक्रवार को गैस देने के लिए बुलाया गया था। वे लोग सुबह से ही आकर लाइन में लग गए थे। घंटों इंतजार के बाद भी जब गैस नहीं मिली तो उपभोक्ता भड़क गए और सड़क जामकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
उपभोक्ताओं का कहना था कि जब तक गैस सिलिंडर नहीं मिल जाता है, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। मौके पर पुलिस के साथ पहुंचे डीएसओ ने प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं से बात की। इसके बाद कंपनी के अधिकारियों से बात की तो बताया गया आधा घंटे के अंदर लोड पहुंच जाएगा। लोड पहुंचते ही सिलिंडर का वितरण शुरू कराया गया, तब जाकर उपभोक्ता शांत हुए।
उधर, माती रोड स्थित इसी गैस एजेंसी के गोदाम पर भी उपभोक्ताओं ने प्रदर्शन किया और गैस मिलने के बाद शांत हुए। डीएसओ ने बताया कि पूरे मामले की जांच पूर्ति निरीक्षक इमरान मंजूर और अवधेश पांडेय को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सभी एजेंसियों पर एक सप्ताह का बैकलॉग
जिले में 63 गैस एजेंसियों संचालित है, लेकिन इनमें से कोई एजेंसी ऐसी नहीं है जिस पर एक सप्ताह का बैकलॉग न चल रहा हो। 13 हजार सिलिंडर प्रतिदिन बुक कराए जा रहे हैं औसतन 14 हजार सिलिंडर प्रतिदिन वितरित किए जा रहे हैं। इसके बाद भी बैकलॉग खत्म नहीं हो रहा है। डीएसओ ने बताया कि मौजूदा समय में जिले में करीब 23 हजार सिलिंडर मौजूद हैं।