बाराबंकी। पॉवर कार्पोरेशन के अफसर उपभोक्ताओं को परेशान करने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। हालात यह हैं कि बिना कनेक्शन के ही घरों पर हजारों का बिजली बिल भेजा जा रहा है। शिकायत के बाद भी सुनवाई न होने से बिल निस्तारण के लिए उपभोक्ता इधर से उधर चक्कर लगाने की परेशानी उठा रहे हैं।
धरसेनिया, सफेदाबाद निवासी नाजिया अली ने बीते 10 अप्रैल को बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। प्रोसेसिंग फीस समेत 1797 रुपये भी जमा किए, लेकिन तीन महीने बीतने के बाद भी घर पर कनेक्शन नहीं लगा। इसके लिए कई बार उपखंड कार्यालय के चक्कर भी लगाए पर कोई सुनवाई नहीं हुई। हैरानी तब हुई जब कनेक्शन के बिना ही पॉवर कार्पोरेशन ने उनके नाम का हजारों रुपये का बिजली बिल घर भेज दिया। अब वह बिना कनेक्शन के आए बिल को दुरुस्त कराने की दौड़भाग में लगे हैं।
बिना रीडिंग, अनुमान से भेजा बिल
हैदरगढ़ क्षेत्र में भी मनमानी बिलिंग उपभोक्ताओं की सिरदर्दी बढ़ा रही है। बहुता फीडर से जुड़े सहावर पंचायत के पूरे बघेलन गांव निवासी रामपाल ने बताया कि मई में कई बार उपखंड कार्यालय पर संपर्क करने के बाद भी बिल नहीं मिला। जून में बिना मीटर रीडिंग के ही करीब 500 रुपये का बढ़ा हुआ बिल थमा दिया गया। मीटर रीडिंग चढ़ाने पर सौ यूनिट से ऊपर की खपत पर छह रुपये प्रति यूनिट की दर से बिल बना कर भेज दिया गया।
पॉवर कार्पोरेशन की अधीक्षण अभियंता राजबाला ने बताया कि बिजली कनेक्शन जारी करने में इतना समय नहीं लगता है। बिना कनेक्शन बिल कैसे भेज दिया गया, इस मामलेे की जांच करा कर उपभोक्ता की परेशानी को दूर कराया जाएगा।