बाराबंकी। बकाया वसूली को लेकर पावर कॉर्पोरेशन सख्त हो गया है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर सोमवार को चेकिंग अभियान चलाया गया। इसमें तीन टीमों ने अलग-अलग इलाकों में जांच कर कनेक्शन काटे। एक टीम ने ओबरी, सफेदाबाद, आवास विकास, लखपेड़ाबाग, नेहरू नगर, सिविल लाइन, रेलवे स्टेशन रोड पर बकाए पर 166 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए।
दूसरी टीम ने पल्हरी, आजाद नगर, दीनदयाल नगर, हजाराबाग, दशहराबाग, पटेल नगर, अशद नगर, बाल बिहार कॉलोनी, लक्ष्मणपुरी कॉलोनी में बकाए पर 199 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए। तीसरी टीम ने देवा टाउन, जहांगीराबाद, बनपुरवा में चेकिंग अभियान चलाया
इस दौरान बकाए पर 81 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए। अधिशासी अभियंता आरके मिश्र ने बताया कि बकाया पर 446 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए हैं और बिजली चोरी पाए जाने पर दो उपभोक्ताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
दुरुस्त हुआ टावर, खुले बिलिंग काउंटर
बाराबंकी। पावर कॉर्पोरेशन का नेटवर्किंग टावर दुरुस्त होने के साथ ही घोसियाना स्थित उपखंड कार्यालय में बिलिंग काउंटर खुल गए। यहां पर बिल जमा करने के लिए उपभोक्ताओं की भीड़ जुटी रही। इसके साथ ही उपभोक्ताओं के बिल भी संशोधित किए गए। शहर में घोसियाना के समीप लगा पावर कॉर्पोरेशन का नेटवर्किंग टावर गिरने से नेटवर्क बाधित हो गया था।
घोसियाना स्थित उपखंड कार्यालय में बिलिंग संबंधी सभी कार्य नहीं हो पा रहे थे। उपभोक्ताओं को न तो बिजली का बिल मिल रहा था और न ही बिल दुरुस्त हो पा रहा था। सोमवार को टावर दुरुस्त होने के बाद बिलिंग काउंटर खोल दिए गए। अधिशासी अभियंता आरके मिश्र का कहना है कि टावर दुरुस्त होने के बाद बिजली बिलिंग संबंधी सभी कार्य हो रहे हैं।