कांग्रेस पार्टी की ओर से यूपी में सीएम पद की उम्मीदवार और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कहा कि 27 साल में प्रदेश की जनता से सपा, बसपा और भाजपा की सरकारें देखीं। लेकिन यूपी का हाल किसी से छिपा नहीं है।
विकास के बजाए वह और बदहाल ही हुआ है। इसलिए प्रदेश की जनता अब कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रही है। जनता की उम्मीदों पर कांग्रेस भी खरी उतरेगी और ऐसी सरकार देगी जो एक मिसाल होगी। इससे पहले कांग्रेसियों ने सफेदाबाद से लेकर लखपेड़ाबाग तक जगह-जगह पर शीला दीक्षित का जोरदार स्वागत किया।
राजकीय इंटर कॉलेज मैदान स्थित ऑडिटोरियम में रविवार को कांग्रेस संदेश यात्रा के दौरान उमडे़ जनसमूह को देख पूर्व मुख्यमंत्री भी गदगद हो गईं और कहा कि जब तक यूपी नहीं उठेगा तब तक देश नही उठ पाएगा। यूपी को उठाना है तो कांग्रेस को लाना होगा।
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जो उत्साह यहां की जनता में दिखा है उससे साफ है कि प्रदेश की जनता यूपी में कांग्रेस की सरकार चाह रही है। जिले की पहचान चीनी से होती थी लेकिन वह पहचान समाप्त हो गई है।
आज बेरोजगारी बढ़ी है बेटे-बेटियों का भविष्य सुरक्षित नहीं है। इसलिए कांग्रेस प्रदेश की जनता को एक ऐसी सरकार देगी जो मिसाल होगी और सभी को समान अवसर देगी। राज्यसभा सांसद डॉ. संजय सिंह ने कहा कि जो उत्साह जिले के कार्यकर्ताओं में दिखा है यह उत्साह ही हमें यूपी में सत्ता दिलाएगा।
जनता के इस उत्साह को किसी भी कीमत पर कम नहीं होने दिया जाएगा। राज्यसभा सांसद ने सभी दलों पर निशाना साधा। कहा कि प्रदेश के कुछ जिले मैनपुरी, इटावा, एटा आदि ऐसे हैं, जहां पर किडनैपिंग का धंधा तेजी से बढ़ रहा है। प्रदेश में पानी, बिजली, सड़कें नहीं हैं किसानों के चेहरे से मुस्कुराहट गायब है, युवा बेरोजगार होता जा रहा है।
उन्होंनेे कहा देश के विकास की बात करने वाले प्रधानमंत्री मोदी का अपना संसदीय क्षेत्र बदहाल है। कार्यक्रम को राज्यसभा सांसद डॉ. पीएल पुनिया, पूर्व मंत्री जफर नकवी, श्रीप्रकाश जायसवाल आदि ने संबोधित किया। इस मौके पर पूर्व एमएलसी गयासुद्दीन किदवई, जिलाध्यक्ष अमरनाथ मिश्रा, सरजू शर्मा, ज्ञानेश शुक्ला, विजयपाल गौतम आदि मौजूद रहे।