बाराबंकी। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर प्रदेश सरकार के पूर्व डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री की कुर्सी हथियाने के लिए कांग्रेस ने देश का विभाजन स्वीकार किया। अखंड भारत के विभाजन के लिए जितनी कांग्रेस जिम्मेदार थी, उतनी ही जिन्ना के नेतृत्व वाली मुस्लिम लीग भी जिम्मेदार थी। दोनों के अपने-अपने स्वार्थ एवं अहंकार के चलते लाखों लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दे दी। करोड़ों बेघर और विस्थापित हुए। शहर के कोऑपरेटिव सभागार में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर आयोजित संगोष्ठी में पूर्व सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि संबोधन किया।
उन्होंने कहा कि विभाजन विभीषिका मानव इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदी है, जिसके घाव बहुत गहरे हैं। इस त्रासदी ने भारती के भूगोल को तो बदला ही। साथ ही समाज और संस्कृति पर भी कुठाराघात किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से विभाजन विभीषिका दिवस मनाए जाने का मकसद युवा पीढ़ी को देश को एकजुट रखने की जिम्मेदारी का बोध भी कराना है। वीर सावरकर जैसे अनेक राष्ट्रवादियों ने बंटवारे का पुरजोर विरोध किया था।
त्रासदी का मार्मिक वर्णन करते हुए उन्होंने अपने रिश्तेदारों के विस्थापन की व्यथा भी साझा की। उन्होंने युवाओं को देश की एकता के लिए प्रेरित भी किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने पाकिस्तान के सरगोधा जिला अंतर्गत भेरा तहसील से विभाजन के समय संघर्ष करते हुए भारत पहुंचे लखपेड़ाबाग निवासी भारत भूषण सिंह को सम्मानित किया। संचालन शीलरत्न मिहिर ने किया। साथ ही विभाजन विभीषिका पर लगाई गई प्रदर्शनी का शुभारंभ कर अवलोकन किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष शशांक कुसुमेश, राज्यमंत्री सतीश शर्मा, सांसद उपेंद्र सिंह रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, विधायक दिनेश रावत, एमएलसी अंगद सिंह, पूर्व विधायक शरद अवस्थी आदि मौजूद रहे।
वीरों को किया याद
फतेहपुर तहसील सभागार में विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा की मौजूदगी में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर गोष्ठी हुई। विधायक ने कहा कि देश की आजादी के लिए वीर सावरकर, सरदार भगत सिंह, राजगुरू, सरदार वल्लभ भाई पटेल, पं. रामप्रसाद बिस्मिल, चंद्रशेखर आजाद, सुभाषचंद्र बोस आदि अनगिनत देशभक्तों ने अपने प्राणों की आहुति दी। कुम्हारी कला में नौ लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को अंगवस्त्र व मिष्ठान देकर सम्मानित किया गया। हैदरगढ़ ब्लॉक से बीडीओ आशुतोष श्रीवास्तव की अगुवाई में मौन जुलूस निकाला गया एवं गोष्ठी हुई।
विभाजन विभीषिका पर लगी प्रदर्शनी
शहर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में विभाजन विभीषिका पर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। रिटायर्ड मेजर अशोक कुमार ने फीता काटकर शुभारंभ किया। क्षेत्रीय प्रबंधक अनामिका सिंह ने देश रक्षा में अपना संपूर्ण योगदान देकर स्वर्ण पदक विजेता मेजर को पौध कलश देकर सम्मानित किया। प्राथमिक विद्यालय पूरे मोती के बच्चों ने सरस्वती वंदना व अन्य देशभक्ति गीत गाए। मेजर अशोक कुमार ने देश के विकास, आंतरिक सुरक्षा व भावनाओं को बढ़ावा देने पर चर्चा की।