बाराबंकी। कमिश्नर अयोध्या मण्डल एमपी अग्रवाल ने गुरुवार को रामसनेहीघाट तहसील में बन रहे स्टेडियम के बहुउद्देशीय हॉल के साथ कलेक्ट्रेट का निरीक्षण किया। इसके बाद लोक सभागार में 50 लाख रुपये से अधिक लागत की सड़कें व अन्य निर्माण कार्यों की समीक्षा की। शत-प्रतिशत राशि मिलने के बाद काम अधूरा होने की दशा में कमिश्नर ने कार्यदायी संस्थाओं पर नाराजगी जताई और कहा कि शीघ्र अधूरी परियोजनाओं का काम पूरा कर विभागों को हैंडओवर करें। निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
मण्डलायुक्त ने कहा कि जिन परियोजनाओं के लिए राशि की आवश्यकता है, उनका परियोजनावार ब्योरा तैयार कर डीएम के माध्यम से शासन को पत्र भेजवा दें। गुरुवार की दोपहर मण्डलायुक्त ने कलेक्ट्रेट स्थित रिकार्ड रूम, संयुक्त कार्यालय के विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया।
यहां पर जीपीएफ पासबुक, सर्विस बुक समेत अन्य प्रपत्रों की जांच की और उनका रखरखाव और बेहतर करने के निर्देश दिए। इस दौरान दस्तावेजों की पोटली को खुलवाकर उसमें रखे प्रपत्र का अवलोकन किया। इस मौके पर अपर आयुक्त शिवपूजन, डीएम डॉ. आदर्श सिंह, एसपी यमुना प्रसाद, सीडीओ एकता सिंह, एडीएम संदीप कुमार गुप्ता, सीएमओ डॉ.बीकेएस चौहान व अनिल पाण्डेय आदि मौजूद रहे।
तहसील की चाकचौबंद व्यवस्था देखकर हुए खुश
रामसनेहीघाट। कमिश्नर एमपी अग्रवाल ने गुरुवार को अपर आयुक्त प्रशासन शिवपूजन के साथ तहसील का निरीक्षण किया। सबसे पहले रजिस्ट्रार कक्ष में अभिलेखों के रखरखाव को देखा और खतौनी में अंकित किए जाने वाले आदेशों को देखते हुए कहा कि नामांतरण प्रक्रिया में काफी सावधानी बरती जाए ताकि किसी भी कीमत पर त्रुटिपूर्ण अंकन ना हो।
उन्होंने अभिलेखों के बेहतर रखरखाव के लिए कर्मचारियों की प्रशंसा भी की। संग्रह कार्यालय का निरीक्षण कर राजस्व वसूली तथा जमा के संबंध में जानकारी की। उसके बाद धरौली स्थित पायका मैदान में बन रहे स्टेडियम के बहुउद्दशीय हॉल का निरीक्षण कर काम का शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इस मौके पर डीएम डॉ. आदर्श सिंह, सीडीओ एकता सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दिव्यांशु पटेल व तहसीलदार दयाशंकर त्रिपाठी आदि मौजूद थे।