डॉ. राम मनोहर लोहिया गांव में शनिवार को मंडलायुक्त फैजाबाद ने विद्यालय परिसर में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और शिकायत पर तत्काल मामले के निस्तारण के निर्देश दिए। बिना कनेक्शन बिजली बिल आने पर मंडलायुक्त बिफर उठे और पावर कारपोरेशन पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिशासी अभियंता को फटकार लगाते हुए बिल वापस कराने के आदेश दिए।
बंकी ब्लॉक के डॉ. राम मनोहर लोहिया चयनित ग्राम पंचायत कमरावां के प्राथमिक विद्यालय में शनिवार को फैजाबाद के मंडलायुक्त सूर्य प्रकाश मिश्रा ने जिले के अधिकारियों के साथ चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। गांव के ही राम नरेश, मिश्रीलाल आदि का कहना था कि विद्युत कनेक्शन भी नहीं है उसके बाद भी विद्युत बिल जिले के अधिकारियों द्वारा भेजे जा रहे हैं।
इनकी शिकायत पर मंडलायुक्त बिफर उठे और नाराजगी जताई तथा अधिशासी अभियंता विद्युत आरके श्रीवास्तव को फटकार लगाते हुए बिल वापस कराने के आदेश दिए। खाद्यान्न वितरण, समाजवादी पेंशन योजना, मनरेगा, पट्टे की जमीन, वृद्धावस्था पेंशन व विधवा पेंशन, मत्स्य तालाब समेत सभी विभागों की समीक्षा की और ग्रामीणों से योजना का लाभ पाने के लिए जानकारी ली। ग्राम पंचायत में अधूरे पड़े शौचालय व आवास को तत्काल पूरा करने के आदेश दिए।