जिला अस्पताल ओपीडी में इलाज के लिए लाइन में लगे मरीज।
बाराबंकी। मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। मंगलवार को दिन में धूप तो निकली लेकिन पूरे दिन चली सर्द हवाओं की वजह से ठंड बढ़ गई। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शाम होते ही लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए और सड़कों पर सन्नाटा छा गया।
मौसम विभाग के अनुसार दिन का अधिकतम तापमान 21 डिग्री तो न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में उतार-चढ़ाव का क्रम अभी आगे भी जारी रहेगा। इसके अलावा बूंदाबांदी के साथ हल्की बारिश के भी आसार हैं। वहीं, जिला कृषि अधिकारी राजितराम का कहना है कि यदि अभी से मौसम में बदलाव आ जाएगा तो इसका असर गेहूं के उत्पादन पर पड़ेगा।
अस्पताल में रही मरीजों की भीड़
जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही हैं। मंगलवार को ओपीडी में करीब 1,259 मरीज देखे गए। इनमें सर्दी, जुकाम और बुखार के अलावा खांसी और सांस के मरीज भी इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश कुशवाहा ने बताया कि मौसम में आए बदलाव का असर है। जिसके चलते मौजूदा समय में ओपीडी में सर्दी, जुकाम, बुखार, सांस और खांसी के मरीज सबसे ज्यादा आ रहे हैं।