नगर पंचायत देवा में चल रहे निकाय चुनाव में प्रत्याशियों द्वारा खुलेआम आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन किया जा रहा है। सख्ती बरतते हुए जिले की देवा व बेलहरा नगर पंचायत में दो अध्यक्ष व चार सभासद प्रत्याशियों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की हैै।
नगर पंचायत देवा में बुधवार की रात उड़नदस्ता प्रभारी ओम प्रकाश व उपनिरीक्षक हरदोष सिंह सेंगर की टीम ने कस्बे मे नगर निकाय का चुनाव लड़ रहे कई चेयरमैन व सभासद प्रत्याशियों के कार्यालयों पर छापेमारी की थी।
उड़नदस्ता प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि इस दौरान चेयरमैन पद के निर्दलीय प्रत्याशी महमूद अली वारसी के मजार शरीफ मार्ग पर स्थित कार्यालय पर अवैध व मुद्रक अंकन विहीन प्रचार सामग्री व अवैध कार्यालय चलता पाया गया।
इसके अलावा मोहल्ला शेख-3 वार्ड संख्या 12 की महिला सभासद पद की प्रत्याशी सादमा अंजुम पत्नी चांद खां के कार्यालय से अवैध प्रचार सामग्री व खर्च का लेखा जोखा अपडेट नहीं पाया गया। जिसके चलते इनके खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
वहीं नगर पंचायत बेलहरा में बृहस्पतिवार को चौकी इंचार्ज पण्डित त्रिपाठी ने अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रानी व सभासद पद की उम्मीदवार हसीन बानों, संगीता सोनी व मीरा देवी के खिलाफ आचार सहिंता उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मोहम्मदपुर खाला थाना प्रभारी निरीक्षक जनमेजय सचान ने बताया कि बिना अनुमति पत्र के दीवारों पर पोस्टर लगे होने पर प्रत्याशियों यों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया है।