बाराबंकी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को एक घंटे के भ्रमण पर शहर में रहेंगे। इस दौरान वह कलेक्ट्रेट स्थित विजय उद्य्रान में पंडित दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद वह जीआईसी के सभागार पंडित दीनदयाल के जीवन पर आधारित एक प्रदर्शनी का अवलाेकन करने के बाद जनसभा को भी संबोधित करेंगे। सीएम के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में है।
इस दौरान सुरक्षा के चाकचौबंद इंतजाम के साथ ही कार्यक्रम से जुड़े रूट पर आवागमन रोकने के लिए रूट डायवर्जन भी लागू किया गया है। सोमवार कर राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा, कमिश्नर अयोध्या गौरव दयाल व आईजी प्रवीण कुमार ने सीएम के कार्यक्रम से जुड़ी तैयारियों का जायजा लेकर कई चरण में इसकी समीक्षा को लेकर बैठक भी की। सुरक्षा के दृष्टिगत मंगलवार को पूरा दिन मुख्य शहर में वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
सीएम योगी शाम तीन बजे केडी सिंह बाबू स्टेडियम में बने हैलीपैड पर पहुंचेंगें। यहां से वह सीधे कलेक्ट्रेट के पास स्थित विजय पार्क में पहुंचेंगे। जहां वह पं. दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद सवा तीन बजे सीएम जीआईसी सभागार में पहुंच कर पं. दीन दयाल के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। सीएम चार बजे के बाद फिर स्टेडियम पहुंचकर लखनऊ के लिए वापस प्रस्थान करेंगे।
इस दौरान सीएम योगी करीब एक घंटा 10 मिनट तक शहर में मौजूद रहेंगे। सीएम के आगमन को लेकर सोमवार को दिन भर मंडलायुक्त अयोध्या से लेकर डीएम व एसएसपी के साथ ही पुलिस व प्रशासन के अन्य अधिकारी प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल पर ही कैंप कर व्यवस्थाओं को चाकचौबंद करने में जुटे रहे।
सीएम के भ्रमण के दौरान सुरक्षा के दृष्टिगत मुख्य शहर में वाहनों के आवागमन पर सख्ती के साथ प्रतिबंध लागू रहेगा। पुलिस प्रशासन ने इसके लिए सभी प्रमुख रूटों पर डायवर्जन लागू किया है।
- रामनगर की ओर के सभी बड़े वाहन व बो चौपुला की ओर हाईवे पर जाएंगे। छोटे वाहन असेनी ओवर ब्रिज से ओबरी होते हुए शहर आ सकेगें।
- हैदरगढ़ की ओर के सभी भारी वाहन बड़ेल से बाएं होकर लखपेड़ाबाग के पायनियर तिराहा से आवास विकास होते हुए एलआईसी तिराहे की तरफ जा सकेगें।
- पल्हरी बाईपास व पल्हरी चौराहे की तरफ सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश शहर की ओर बैरियर लगाकर बंद रहेगा।
- असेनी ओवरब्रिज से सभी तरह के भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। सिर्फ छोटे व हल्के चार पहिया वाहन ही ओबरी से एसपी आफिस, कंपनी बाग होते हुए जा सकेंगे।
- देवा के छोटे वाहन छाया-नेबलेट व लखनऊ की तरफ जाने वाले छोटे वाहन मामापुर नहर पुलिया से माती की ओर जाएंगे।
महिला कॉलेज, पैसार व बड़ेल में बनी पार्किंग
लखनऊ की ओर से आने वाले वाहन हैदरगढ़ बाईपास से पटेल महिला डिग्री कालेज में पार्क होंगे। जबकि महमूदाबाद-कुर्सी की तरफ से आने वाले वाहन गुडम्बा से किसान पथ होते हुए व फतेहपुर-देवा के वाहन किसान पथ से सफेदाबाद से सीधे डिग्री कालेज में पार्क करेंगें। रामनगर, मसौली, जैदपुर व अयोध्या की ओर से आने वाले वाहन पैसार लॉन में पार्क हाेंगे। सतरिख की ओर के वाहन बडेल चौराहे से बायें मुडकर पटाखा मैदान में पार्क होंगे।
सीएम योगी के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा निगरानी को लेकर चप्पे चप्पे पर करीब डेढ़ हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इनमें आठ एडीशनल एसपी, 16 सीओ, 65 इंस्पेक्टर 175 दरोगा, तीन कंपनी पीएसी व बाकी कांस्टेबल, हेड कांस्टेबल व होमगार्ड शामिल रहेंगे। शहर में कलेक्ट्रेट से नाका सतरिख तक करीब सवा सौ पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। एसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि पूरे कार्यक्रम की ड्रोन व कैमरों से सतत निगरानी की जाएगी।