बाराबंकी। शहर की सड़कें दीपावली तक चमाचम होने की उम्मीद है। नगर पालिका परिषद ने तीन करोड़ 65 लाख रुपये बजट की स्वीकृति दे दी है। वर्क आर्डर प्रक्रिया भी पूूरी कर ली गई है। 21 अक्तूबर को सांसद शहर की 26 सड़कों का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद सड़कें बननी शुरू हो जाएंगी। अमर उजाला ने इन जर्जर सड़कों के मुद्दों को अभियान के रूप में लगातार प्रकाशित कर रहा है। इसके जरिये राहगीरों को जर्जर सड़कों से होने वाली समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया है।
जिला मुख्यालय पर स्थित नगर पालिका परिषद के अंतर्गत आने वाली प्रमुख सड़कों से लेकर मोहल्लों की कई सड़कें जर्जर हो गई हैं। गड्ढायुक्त जर्जर सड़कों से शहरवासियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अमर उजाला अभियान के रूप में शहर की खस्ताहाल सड़कों का मुद्दा उठाता रहा है।
परिषद की अध्यक्ष शशि श्रीवास्तव ने बताया कि 15वें वित्त आयोग से तीन करोड़ 65 लाख रुपये बजट से सड़कें बनाई जाएंगी। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब वर्कआर्डर जारी कर दिया गया है। 21 अक्तूबर को शाम चार बजे धनोखर चौराहे पर सांसद उपेंद्र रावत शहर की मुख्य सड़कों समेत 26 सड़कों का शिलान्यास करेंगे, इसी के साथ ही सड़कें बननी शुरू हो जाएंगी।
डामरीकृत होंगी ये सड़कें
शहर की मुख्य सड़कें कोतवाली से निबलेट, निबलेट से घंटाघर, घंटाघर से नागेश्वरनाथ मंदिर रोड, लाजपतनगर से छाया चौराहा, छाया चौराहा से पीडब्ल्यूडी कार्यालय वाली सिविल लाइन रोड, नाले से ईदगाह रोड समेत 26 सड़कें बनाई जाएंगी। प्रथम चरण में मुख्य सड़कों का कार्य पूरा होने के बाद शहर की अन्य सड़कों पर कार्य शुरू होगा।
15वें वित्त से शहर की सड़कें बनवाने के लिए तीन करोड़ 65 लाख रुपये स्वीकृत किया गया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद वर्क आर्डर जारी कर दिया गया है। 21 अक्तूबर को सांसद द्वारा शिलान्यास के बाद कार्य शुरू हो जाएगा। ठेकेदार को दीपावली के पहले ही कार्य पूरा करने की टाइम लिमिट दी गई है। कोशिश है कि दीपावली के पहले सड़कें चमाचम हो जाएं।
- शशि श्रीवास्तव, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद नवाबगंज