नया साल आज से शुरू हो रहा है। लोग अपनों को बधाई देने के लिए तरह-तरह की ग्रीटिंग कार्ड, महंगे फूल व गिफ्ट पैक खरीद रहे हैं लेकिन युगांतर विद्या मंदिर के कक्षा छह से आठ तक के 775 छात्र-छात्राओं ने इस सबसे इतर एक अनूठी मिसाल पेश की है। इस छात्रों ने अपनी पॉकेट मनी को जुटा कर नौ हजार रुपये एकत्र किए और उसे ीएम के माध्यम से चेन्नई के बाढ़ पीड़ितों के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष को भेज दिया।
नये साल का जश्न मनाने के लिए सबसे ज्यादा उत्साह बच्चों में होता। ग्रीटिंग कार्ड, फूल व गिफ्ट पैक खरीद अपने दोस्तों को देते हैं। लेकिन युगांतर विद्या मंदिर के 775 छात्र-छात्राओं ने एक अनूठी मिसाल पेश की है। यहां बच्चों मिल कर यह फैसला लिया कि वो इस बार नये वर्ष को मनाने में पैसा नहीं खर्च करेंगे। सबको जो पॉकेट मनी मिली है उसे एकत्र कर चेन्नई के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष में भेजा जाएगा।
गुरुवार को स्कूल में बच्चों ने अपनी पॉकेट मनी एकत्र कर नौ हजार रुपये जुटाए। इसके बाद इस राशि को कॉलेज के प्रधानाचार्य आशुतोष वर्मा के हवाले कर दिया। इसके बाद उन्होंने बैंक ड्रॉफ्ट बनवाकर दोपहर में उसे डीएम योगेश्वर राम मिश्र को सौंपा। यह राशि प्रधानमंत्री राहत कोष में भेजी जाएगी।