करोरा गांव में एक डेढ़ साल का बालक घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वह खेलते हुए कुएं के पास पहुंच गया। यह देखकर उसकी मां उसे पकड़ने के लिए दौड़ी लेकिन तब तक बालक कुएं में गिर गया।
हादसे के बाद हड़कंप मच गया। किसी तरह गांव वालों व फायर ब्रिगेड की टीम ने उसे बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है। कोतवाली बदोसराय क्षेत्र के करोरा गांव के रहने वाले रामकरन का डेढ़ वर्षीय पुत्र अमन मंगलवार सुबह घर के बाहर खेल रहा था।
पास में ही एक कुंआ है। बच्चा खेलते हुए जब कुएं की ओर बढ़ा तो मां केतकी उसे बचाने के लिए दौड़ी लेकिन तब तक बच्चा कुएं में जा गिरा। बच्चे के कुएं में गिरते ही मां बदहवास हो गई। लोगों में अफरातफरी मच गई।
आननफानन में ग्रामीणों ने बच्चे को कुएं से निकाले का प्रयास शुरू कर दिया। इस बीच जानकारी होने पर फायर ब्र्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। फायर कर्मी व ग्रामीण जब तक बच्चे को बाहर निकालते तब तक डूबने से मासूम की मौत हो चुकी थी।
बच्चे की मौत के बाद उसके परिवारीजनों व गांव के लोगाें में शोक की लहर दौड़ गई है। कोतवाल बदोसराय संजय यादव का कहना है कि बच्चे के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।
करोरा गांव के रामकरन रावत के तीन बेटों रितेश, विवेक में अमन सबसे छोटा था। अमन सभी का प्रिय था। बेटे की मौत के बाद जहां मां की हालत बेसुध जैसी है वहीं पिता व भाइयों में भी शोक की लहर है। ग्रामीणों का कहना है अपनी चंचलता के कारण वह सभी का दुलारा था।