सीएमओ कार्यालय पर मोहनलालगंज सीएचसी की कर्मचारी।
लखनऊ। मोहनलालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के अधीक्षक डॉ. दिवाकर भारद्वाज पर महिला कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार, गलत नीयत से पेश आने और लगातार प्रताड़ित करने के आरोप लगे हैं। बृहस्पतिवार को महिला चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों समेत कुल 35 कर्मचारी मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) कार्यालय पहुंचे और दो पन्नों का शिकायती पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग की।
शिकायत में महिला कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि अधीक्षक जानबूझकर कार्यालय का कार्य समाप्त होने के बाद शाम चार बजे महिलाओं की बैठक बुलाते हैं। इनमें कार्य संबंधी चर्चा के बजाय अशोभनीय और आपत्तिजनक बातें की जाती हैं। महिलाओं से अभद्र भाषा में बात कर अपमानित किया जाता है। कर्मचारियों का आरोप है कि लगातार मानसिक उत्पीड़न और दबाव के कारण कई महिला कर्मचारी बैठकों के दौरान बेहोश तक हो चुकी हैं।
सीएमओ से मांग की है कि या तो अधीक्षक का तत्काल तबादला किया जाए या फिर पीड़ित महिला कर्मचारियों को एक साथ किसी अन्य स्वास्थ्य केंद्र में स्थानांतरित किया जाए। एक महिला चिकित्सक ने कहा कि लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर उन्हें शिकायत करने के लिए मजबूर होना पड़ा। शिकायतकर्ताओं में डॉ. संगीता चौहान, डॉ. त्रेयेंद्र, बरखा वर्मा, रिंकी श्रीवास्तव, सोनिया, मंजुलता, रीनू यादव, रेखा उपाध्याय, निश सिंह, गौरव श्रीवास्तव, रवींद्र यादव सहित 35 कर्मचारी शामिल हैं।
अधीक्षक ने भी रखा अपना पक्ष
अधीक्षक डॉ. दिवाकर भारद्वाज ने सीएमओ से मिलकर अपना पक्ष रखा है। सूत्रों के अनुसार, उनके खिलाफ पहले भी शिकायतें सीएमओ कार्यालय तक पहुंच चुकी हैं।