बाराबंकी। हांसेमऊ गांव में बृहस्पतिवार को सदर से सपा विधायक सुरेश यादव की जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला सामने आया है। भीड़ में खड़े फौजी ने इस पर नाराजगी जताई तो विधायक समर्थकों ने उनकी पिटाई कर दी। इस दौरान जमकर बवाल हुआ।
घटना के बाद से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। फौजी की तहरीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। सतरिख के हांसेमऊ निवासी विकासदीप भारतीय सेना में कार्यरत हैं और इन दिनों छुट्टी पर घर आए हुए हैं। उनका आरोप है कि जनसभा के दौरान विधायक के भाषण में प्रधानमंत्री के प्रति आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया। उन्हें यह खराब लगा। उन्होंने मंच पर जाकर माइक लिया और आपत्ति जताई।
कहा कि प्रधानमंत्री के लिए इस तरह की भाषा का प्रयोग उचित नहीं है। आरोप है कि इतना कहते ही विधायक के समर्थकों ने उनको पीटना शुरू कर दिया।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उन्हें बचाया। घटना के बाद वह किसी तरह घर पहुंचे, जिसके बाद उनका उपचार कराया गया। उनके साथ हुई घटना की तहरीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें फौजी ने खुद को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने की बात लिखी है।
एसएचओ डीके सिंह ने बताया कि अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। सोशल मीडिया से मामला संज्ञान में आया है। जांच कराई जा रही है। इस संबंध में विधायक ने कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया।