बाराबंकी में सोमवार को पर्चा वापसी के दौरान नवाबगंज तहसील में लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
नगर निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद पर 19 तो सदस्य पद पर 58 प्रत्याशियों ने चुनाव न लड़ने का फैसला लेते हुए अपना नामांकन पर्चा वापस ले लिया। जिसके बाद अब जिले के 13 नगर निकायों में अध्यक्ष पद पर 126 और सदस्य के लिए 998 प्रत्याशी चुनाव मैदान में आ गए हैं। मंगलवार को चुनाव चिह्न लेकर सभी प्रत्याशी अपने-अपने चुुनावी क्षेत्र में प्रचार-प्रसार में जुट जाएंगे। सिंबल वितरण की कार्रवाई के लिए सभी आरओ ने अपनी ओर से तैयारियां पूरी कर ली हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को नाम वापसी की कार्रवाई पूरी कराई गई। इस दौरान नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद पर एक प्रत्याशी समेत 19 उम्मीदवारों ने अपना पर्चा वापस लेकर चुनाव न लड़ने का फैसला किया।
अपने-अपने निकायों के संबंधित कक्षों में मौजूद रहकर रिटर्निंग अफसरों ने नियमानुसार इस कार्रवाई को पूरा कराया। सभी तहसील मुख्यालयों पर सुबह 11 बजे से शाम तीन बजे तक हुई इस कार्रवाई को लेकर प्रत्याशियों व उनके समर्थकों की खासा भीड़ नजर आई। नाम वापसी में एक प्रमुुख चेहरा हैदरगढ़ नगर पंचायत से देखने को मिला है।
जहां टिकट न मिलने के कारण बीजेपी से नाराज होकर बगावत कर निर्दलीय पर्चा दाखिल करने वाली अध्यक्ष पद की प्रत्याशी संगीता साहू ने आखिरकार अपना पर्चा वापस ले लिया। वहीं सदस्य के 181 पदों पर नामांकन करने वाले 1056 प्रत्याशियों में से 58 ने अपने-अपने नामांकन पत्र वापस ले लिए। जिसके बाद अब सदस्य पद के उम्मीदवारों की संख्या 998 हो गई है।