फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चहका बाजार, कारोबार एक अरब के पार

विज्ञापन
बाराबंकी शहर के पटेल तिराहा निकट स्थित एक बाइक के शो-रूम पर बाइकें पसंद करते लोग। संवाद - फोटो : BARABANKI
विज्ञापन
बाराबंकी। बाजार में करीब दो साल बाद ऐसी रंगत दिखी। धनतेरस के पहले दिन जमकर धन बरसा। ग्राहकों के उत्साह के आगे महंगाई छू-मंतर दिखी। सुबह से लेकर देर रात तक दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ी रही। इस दौरान सैकड़ों अस्थाई दुकानें भी सजी थीं। कारोबारियों के अनुसार करीब एक अरब रुपये से अधिक का कारोबार हुआ है। इस साल धनतेरस लग्न की शुरुआत शनिवार शाम से हुई जो रविवार शाम तक चलेगी। ऐसे में कारोबारियों ने धनतेरस के दूसरे दिन रविवार को भी इतने ही कारोबार की उम्मीद जताई है। कोरोना संक्रमण काल के बाद कारोबारियों के चेहरे पर न सिर्फ मुस्कान दिखी बल्कि खिलखिलाते नजर आए। जानकारों की मानें तो करीब 18 करोड़ के अनब्रांडेड गहने बिके। वहीं लोग ब्रांडेड गोल्ड व डायमंड के करीब 25 करोड़ के गहने घर ले गए। भीड़ के चलते शहर की बाजारों में दिन भर जाम के हालात रहे।
विज्ञापन

43 करोड़ के बिके गहने, सिक्के
जिले मेें करीब 250 से अधिक छोटी-बड़ी दुुकानों और शोरूम में धनतेरस पर चांदी के सिक्के, सोने व हीरे के आभूषण खूब बिके। कारोबारियों ने बताया कि लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं के अलावा सबसे ज्यादा पांच से 10 ग्राम के चांदी के सिक्के बिके। इसके अलावा सोने के एक ग्राम से दस ग्राम के बिस्कुट भी खूब बिके। सराफा बाजार का कारोबार करीब 43 करोड़ रुपये के आसपास रहा।
10 करोड़ के वाहन, 50 लाख के बर्तन पहुंचे घर
बर्तन का कारोबार भले ही कम हुआ हो मगर भीड़ कम नहीं रही। कई लोगों ने धनतेरस को शुभ मानते हुए बर्तन की खरीदारी की। भीड़ ऐसी रही कि हाथ में बर्तन लिए ग्राहक रेट पूछते दिखाई दिए। ऑटोमोबाइल सेक्टर में पहले से हुई बुकिंग के करीब 10 करोड़ के वाहन घर पहुंचे। इसमें 467 बाइक, 54 कार, 84 ट्रैक्टर शामिल हैं। ऑटो सेक्टर के शो-रूम में सारी प्रक्रियाएं पूरी करने में लोग जुटे रहे। कई लोग रविवार को डिलीवरी लेंगे।
विज्ञापन

20 करोड़ के कारोबार से चहका रीयल एस्टेट सेक्टर
धनतेरस पर रीयल एस्टेट मार्केट 20 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। करीब 125 भू-संपत्तियों के बैनामे हुए। सबसे अधिक मांग रजिस्ट्री कराने की रही। समय बीत जाने के कारण कई बैनामे नहीं हो सके।
खूब बिके इलेक्ट्रॉनिक सामान
धनतेरस पर ग्राहकों ने जरूरत की चीजों पर फोकस किया। धनतेरस पर इलेक्ट्रानिक कारोबारियों ने 16 करोड़ के ऑफलाइन घरेलू उपकरण बेचे। इसमें माइक्रोवेव, वाशिंग मशीन, स्मार्ट टीवी, फ्रिज, गीजर और रूम थिएटर था। दुकानों व शोरूम पर सुबह सेही खरीदारों की भीड़ रही।
मोबाइल फोन, रेडीमेड गारमेंट, फर्नीचर की भी हुई खरीदारी
बाजार में रेडीमेड गारमेंट, फर्नीचर, इलेक्ट्रिक झालर आदि की खूब बिक्री हुई। शापिंग मॉल्स में रेडीमेड गारमेंट खरीदने के लिए भीड़ लगी रही। बाजार में धनतेरस पर मोबाइल फोन की दुकानों पर भीड़ जुटी रही। नए फीचर वाले फोन के लिए ग्रामीण अंचलों से लोगों ने शहर में पहुंचकर खरीदारी की। कारोबारियों के मुताबिक तीन करोड़ की बिक्री का अनुमान है।
मिठाई के साथ ड्राई फ्रूट्स भी आए पसंद
बाजार में सजी मिठाई की दुकानों से लेकर किराना की दुकानों पर ड्राई फ्रूट्स की खूब बिक्री हुई। गिफ्ट हैंपर की खूब डिमांड रही। मिलावटी मिठाई की आशंका के चलते बहुत से लोगों ने ड्राई फ्रूट्स खरीदना पसंद किया। मिठाई बांटने की परंपरा के चलते मिठाई खरीदने वालों की जबरदस्त भीड़ रही। करीब एक करोड़ के कारोबार का अनुमान लगाया जा रहा है।
बाजार में लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति, दीया, लइया, चूरा के अलावा सजावटी सामान की दुकानों पर भीड़ जुटी रही। लक्ष्मी का प्रतीक माने जाने वाले झाडू की खूब बिक्री हुई। इसके अलावा किराना सामान की पूरे दिन बिक्री होती रही। कारोबारियों के अनुसार त्योहार को लेकर छोटे दुकानदारों ने थोक विक्रेताओं के यहां चीनी, मैदा, मेवा आदि की सात करोड़ से अधिक की खरीदारी की।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें