बाल दिवस के अवसर पर शनिवार को जिले के विभिन्न विद्यालयों में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यालय में रंगोली, कलश सज्जा, मेंहदी, अंताक्षरी व खेलकूद प्रतियोगिताएं हुई। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों की बेहतरीन प्रस्तुति ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। देशभक्ति गीत पर लोगों ने न सिर्फ तालियां ही बजाई बल्कि सम्मान में लोग अपने स्थान पर खड़े भी हो गए।
बाल दिवस के मौके पर बच्चों का उत्साह चरम पर दिखाई दिया। शनिवार की सुबह से ही चहकते हुए नन्हे-मुन्ने बच्चे स्कूल जाते दिखाई दिए तो वहीं कुछ बच्चे घर से ही विभिन्न वेशभूषाओं में सजधज कर विद्यालय पहुंचे। शहर ही नहीं ग्रामीण अंचलों में भी विद्यालयों में बाल मेला की तैयारियों में बच्चे सुबह से ही जुटे रहे। पायनियर मांटेसरी इंटर कॉलेज लखपेड़ाबाग में बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इस मौके पर कलश सज्जा, रंगोली, मेंहदी, गायन व खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या रेखा मिश्रा ने पंडित जवाहर लाल नेहरू के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला। बीएलवी पब्लिक इंटर कॉलेज पल्हरी चौराहा में पं. नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण किया तथा नेहरूजी का बच्चों के प्रति प्रेम को कहानी के माध्यम से बताया।
बाबू राममनोहर वर्मा इंटर कॉलेज उधौली में बच्चों ने कविताएं सुनाई। छात्राओं लक्ष्मी, मनीषा, पूजा मौर्या ने सयुंक्त रूप से मनोहारी नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद अंताक्षरी का आयोजन किया गया जिसमें कक्षा सात व चार के बच्चे विजयी रहे। प्राथमिक विद्यालय गुलरिहा में बाल मेला का आयोजन किया गया। जिसमें बच्चों ने अपने-अपने खाने-पीने की सामग्री के स्टॉल लगाए। बच्चों के साथ शिक्षकों व अभिभावकों ने बच्चों के स्टॉल से खरीददारी की। इस मौके पर खेल प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मेले में प्राथमिक विद्यालय चांदपुर, शहजादपुर और गुलरिहा के बच्चों ने प्रतिभाग किया। सिद्धौर प्रतिनिधि के अनुसार बाल विकास विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में बच्चों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर सभी को भाव विभोर कर दिया। इस मौके पर थानाध्यक्ष वकील सिंह यादव व उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह ने बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी दी।
जैदपुर प्रतिनिधि के अनुसार द मार्डन इंटर कालेज में बाल मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन जैदपुर चेयरमैन रियाज अहमद ने किया। बाल मेले में बच्चों के लकी ड्रॉ की पर्ची सिद्धौर चेयरमैन प्रतिनिधि बादशाह खान ने निकाली। जिसमें तीन बच्चों को प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार इनाम के माध्यम से दिया गया। मेले में दुकानें बच्चों के लिए सजाई गाई थी। इस अवसर पर अजमी रिजवी,मोहम्मद मुबीन, मुन्ना, मेहंदी रिजवी, अकरम सहित प्रधानाचार्या प्रीति सिंह व प्रबंधक राकेश कुमार वर्मा आदि मौजूद थे।
हैदरगढ़ प्रतिनिधि के अनुसार ग्राम्यांचल विद्यालय के स्व. दुर्गा प्रसाद अवस्थी प्रेक्षाग्रह में पब्लिक सीनियर सेकेंड्री स्कूल में कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से किया गया। कक्षा नौ की छात्रा महिमा सिंह व कक्षा आठ की योगिता सिंह द्वारा प्रस्तुत ग्रुुप डांस की सभी ने सराहना की। कक्षा छह के अनादि विजय ने नन्हा मुन्ना राही हूं देश का सिपाही हूं.. सुना कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि सीबीएसई के मंडलीय प्रमुख पियूष कुमार शर्मा ने कार्यक्रम की प्रस्तुति व विद्यालय में शिक्षा के माहौल की सराहना करते हुए इसे अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणा बताया।