बाराबंकी। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत अब स्कूल-कॉलेजों के पास मनचलों की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इस दौरान कॉलेज परिसर के आसपास बिना वजह खड़े होने वालों को भी कार्रवाई के घेरे में लाकर पूछताछ होगी। यह जानकारी आईजी अयोध्या प्रवीण कुमार ने दिया। वह बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन के सभागार में मिशन शक्ति समेत सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अन्य कार्यों की समीक्षा बैठक में हिस्सेदारी कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत सीसीटीवी कैमरों से कॉलेजों और स्कूलों के बाहर बिना कारण खड़े होने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर एंटी रोमियो स्क्वॉड आगे की कार्रवाई तय करेगा। इसके साथ ही स्कूल-कॉलेज के आस-पास अब सामान्य कपड़ों में भी पुलिस कर्मी निगरानी के लिए तैनात होंगे। आईजी ने स्कूली बच्चों को लाने में लगे ई रिक्शा व वैन चालकों का आईडी कार्ड और रिकॉर्ड भी अनिवार्य रूप से जांचने का निर्देश दिया।
महिला पुलिस कर्मियों को मिला ड्रोन का प्रशिक्षण
पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में महिला पुलिस कर्मियों को ड्रोन का प्रशिक्षण भी दिया गया। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत मुख्यमंत्री के निर्देश पर महिला पुलिसकर्मियों को भी ड्रोन कैमरे से निगरानी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अक्सर महिला संबंधी कार्यक्रमों में पुरुष पुलिसकर्मियों द्वारा ड्रोन के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई जाती है। नवरात्र, दशहरा व अन्य बड़े त्योहारों पर सुरक्षा को देखते हुए अब ड्रोन कैमरों से निगरानी होगी।
सीओ ने महिलाओं को पहनाया हेलमेट
सिरौलीगौसपुर। मिशन शक्ति के तहत सीओ रामनगर गरिमा पंत ने बृहस्पतिवार को बदोसराय चौराहे पर महिला वाहन चालकों को हेलमेट पहनाकर उसकी उपयोगिता बताई। आरक्षी नेहा पांडेय ने हेल्प लाइन नंबरों के बारे में भी महिलाओं को जागरूक किया। घुंघटेर थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुरेश तिवारी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय बजगहनी में छात्राओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। (संवाद)