मंगलवार को परीक्षा देकर निकलते परीक्षार्थी।
बाराबंकी। सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं मंगलवार कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गईं। इस वर्ष हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 2,604 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। परीक्षा सुबह 10:30 बजे शुरू होकर दोपहर 1:30 बजे समाप्त हुई। परीक्षा को लेकर जिले में पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें शहर स्थित बाबा गुरुकुल एकेडमी, सेंट्रल एकेडमी, सेंट एंथोनी स्कूल, एमआर जयपुरिया स्कूल और हैदरगढ़ स्थित ग्रामंचल पब्लिक स्कूल शामिल हैं।
परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई थी। परीक्षा की लाइव मॉनिटरिंग सीधे दिल्ली स्थित सीबीएसई मुख्यालय से की जा रही थी। परीक्षा देकर बाहर निकले हाईस्कूल के छात्र अंश ने बताया कि उनका पेपर बहुत अच्छा गया। उन्होंने कहा कि सवाल सीधे और सिलेबस से ही आए थे। छात्र रूद्र ने बताया कि गणित के ज्यादातर सवाल एनसीईआरटी के उदाहरणों जैसे थे। लंबा सवाल भी आसान चरणों में था, इसलिए हल करने में ज्यादा दिक्कत नहीं हुई। परीक्षा के पहले दिन विद्यार्थियों में काफी उत्साह दिखा।