जनेस्मा डिग्री काॅलेज में भाई के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़ा गया सत्यम मौर्या।
- फोटो : अमर उजाला
अवध विश्वविद्यालय की चल रही स्नातक की परीक्षा में आंतरिक उड़ाका दल की टीम ने एक मुन्ना भाई को धर दबोचा। पकड़ा गया मुन्ना भाई अपने बड़े भाई के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। मजे की बात यह है कि पकड़ा गया छात्र स्वयं भी बीए द्वितीय वर्ष का परीक्षार्थी है। कॉलेज प्रशासन ने परीक्षार्थी को पुलिस के हवाले कर विश्वविद्यालय को सूचित किया है।
स्थानीय जवाहर लाल नेहरू परास्नातक महाविद्यालय में गुरुवार की सुबह प्रथम पाली बीए प्रथम वर्ष समाजशास्त्र द्वितीय की परीक्षा हो रही थी। इस दौरान कक्ष संख्या एक में पहुंची आंतरिक उड़ाका दल की टीम ने छापा मारा तो वहां पर परीक्षार्थी चंद्र प्रकाश मौर्य पुत्र शिवकुमार के स्थान पर इसी का ही भाई सत्यम मौर्या निवासी देवरिया बेलौली नानकारी थाना सदरपुर महमूदाबाद जिला सीतापुर परीक्षा देता हुआ पाया गया। पकड़े गए मुन्ना भाई को पूछताछ के बाद कॉलेज प्रशासन ने पुलिस के हवाले करते हुए विश्वविद्यालय को भी इससे अवगत कराया है।
पढ़ने में होनहार है आरोपी छात्र
भाई के स्थान पर परीक्षा दे रहा मुन्ना भाई पढ़ाई में काफी होनहार बताया जा रहा है। इसका बड़ा भाई पढ़ाई में काफी कमजोर है। कई बार फेल हो चुका है। भाई को पास कराने के लिए सत्यम धर लिया गया। एक साथ दो कक्षाओं की परीक्षाओं को दी जाने की सूचना पाकर कॉलेज प्रशासन भी हैरान रहा। पकड़े गए मुन्ना भाई ने क्या इसके पहले भी अपने की भाई परीक्षाएं दी हैं अब इसकी भी जांच कॉलेज प्रशासन कराने की ओर लगा है।
दोनों पालियों में उपस्थिति पर हुआ शक
मुन्ना भाई को पकड़ने वाली आंतरिक सचल टीम के सदस्यों ने बताया कि पकड़ा गया मुन्ना भाई सत्यम मौर्या दोनों पालियों में उपस्थित होकर परीक्षा देने पर शक में आ गया। जिस पर टीम ने गुरुवार को जब सुबह छापा मारा तो शक यकीन में बदल गया। पकड़े गए सत्यम ने स्वीकार किया कि वह अपने भाई को पास कराने के लिए उसके स्थान पर परीक्षाएं दे रहा था।
परीक्षा के दौरान प्रतिदिन चेकिंग की जाती है। शक के आधार पर गुरुवार को आंतरिक उड़ाका दल ने समाज शास्त्र द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा में छापा मारा। जिसमें भाई के स्थान पर परीक्षा दे रहा उसका बड़ा भाई सत्यम मौर्या पकड़ा गया। पूछताछ के बाद उसे पुलिस के हवाले करते हुए विश्वविद्यालय को भी अवगत करा दिया गया है। -आरएस यादव, प्राचार्य जनेस्मा