पकड़ा गया 17 क्विंटल नकली टोमैटो और चिली सॉस
- फोटो : अमर उजाला
एफएसडीए की टीम ने मंगलवार को नाका सतरिख स्थित सीताराम गली में खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वाली एक एजेंसी पर छापा मारा। जांच के दौरान गोदाम से करीब 17 क्विंटल नकली टोमैटो और चिली सास पकड़ा गया। एजेंसी संचालक से जवाब तलब किया गया है। यहीं से सास और चिली के दो नमूने तथा रामसनेहीघाट स्थित एक ढाबे से दूध का नमूना भरकर जांच के लिए भेजा गया है।
एफएसडीए के अभिहीत अधिकारी मनोज वर्मा ने नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेन्द्र कुमार आदि की टीम ने नाका सतरिख स्थित सीताराम गली में संचालित विकास इंटरप्राइजेज एजेंसी पर छापा मारा।
जांच के दौरान पाया गया कि इनके गोदाम में नकली टोमैटो और चिली सास भरा पड़ा है। एजेंसी संचालक रवि गुप्ता से चाबी लेकर जब गोदाम को खुलवाया गया और जांच शुरू की गई तो करीब 17 क्विंटल सास बरामद हुई।
जिस पर टीम ने इसे नष्ट कराते हुए इनके नमूने भरकर जांच के लिए भेजे हैं। अभिलेखों की जांच की गई तो संचालक कोई अभिलेख भी नहीं दिखा सका है। अभिहीत अधिकारी ने बताया कि एजेंसी संचालक और जहां से माल क्रय किया गया है उसके संचालक को भी नोटिस भेजा जाएगा।
धड़ल्ले से जारी मिलावटखोरी का कारोबार
एफएसडीए द्वारा मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए त्योहारों के दौरान चलाए जाने वाला अभियान उसकी ही पोलपट्टी को खोल रहा है। शहर में एक एजेंसी से भारी मात्रा में नकली टोमैटो सास मिलने से यह साफ हो गया है कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ एफएसडीए के अधिकारियों की मिली भगत के बिना संभव नहीं है।
विभाग की नाक के नीचे काला कारोबार हो रहा है और यह कैसे मान लिया जाए कि विभाग को इसकी भनक तक नहीं है। व्यापारियों की मानें तो अधिकारी अपना हिस्सा लेते हैं और गैरकानूनी कार्य की इसी तरह अनदेखी करते रहते हैं। जिससे नकली और मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वालों का कारोबार तेजी से अपने पांव पसार रहा है।