शहर की कई बैंकोें में बृहस्पतिवार को सुबह से ही नोटिस चस्पा कर दिया गया, जिसमें लिखा गया कि आज बैंक में सिर्फ पैसे जमा करने का काम होगा। वहीं जैदपुर इलाके में आर्यावर्त ग्रामीण बैंक बीबीपुर पहुंचे उपभोक्ताओं को कैश न होने की बात कहकर शाखा प्रबंधक ने पैसा देने से मना कर दिया।
वहीं बैंक में सक्रिय दलालों के माध्यम से परिचितों को भुगतान दिए जाने का आरोप लगाकर आक्रोशित उपभोक्ताओं बैंक का शटर बंद कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। यदि किसी को नकदी लेना है तो वह बैंक न आएं।
इससे पैसा निकालने वाले लोगोें के हाथ निराशा ही लगी। सुबह से ही बैंकों के बाहर लोगों की लाइन लगनी शुरू हो गई। लेकिन जब लोगों को इस बात की जानकारी हुई कि बैंकों में पैसा नहीं है तो लोग में आक्रोश पनप उठा। वहीं कई बैंकों में इसको लेकर बैंक कर्मियों और खाता धारकों में तीखी नोकझोंक भी हुई।
जैदपुर के अमीनपुरवा निवासी वीरेन्द्र कुमार, सोहांवा निवासी सुखमी लाल, बीबीपुर निवासी ओम प्रकाश, दीपक कुमार बाबा आदि लोगों का आरोप है कि बैंक कर्मी दलालों के माध्यम से पैसों का भुगतान करा रहे हैं जबकि जरूरतमंदों को पैसा न होने की बात कहकर वापस किया जा रहा है। इससे मौजूद उपभोक्ताओं का आक्रोश भड़क उठा और लोगों ने बैंक का शटर बद कर बाहर से ताला लगा दिया।
यह देख बैंक के कर्मचारियों के हाथ पांव फूल गये। बैंक कर्मियों ने इसकी सूचना 100 नंबर पर पुलिस को दी और अपने उच्चधिकारियों को बताया। जिसके लगभग डेढ़ घंटे बाद पहुंची जैदपुर पुलिस ने ताला खुलवाया तब बैंक कर्मियों ने राहत की संास ली। पुलिस की मौजूदगी में उपभोक्ताओं को दो दो हजार रुपये दिए गए।
शाखा प्रबंधक मो. मोबीन का कहना है कि सभी कार्य नियमानुसार किए जा रहे थे। तभी अमीन पुरवा निवासी वीरन्द्र व दीपक आए और ज्यादा पैसा निकालने का दबाव बनाने लगे। मना करने पर बैंक का शटर बंद कर दिया। डेढ़ घंटे बाद पुलिस ने बैंक का शटर खोलवाया। सभी उपभोक्ताओं को टोकेन वितरित किए गए हैं। जिसका नंबर आया उसे दो हजार रुपये दिए गए।
विवाह के लिए नहीं मिल रहे ढाई लाख
शादी विवाह वाले परिवार की दिक्कतों को देखते हुए सराकर ने ढाई लाख रुपये का भुगतान कुछ शर्तों पर करने का आदेश बैंक को दिया था। किंतु जैदपुर में स्थित आधा दर्जन भर बैंकों में किसी ने एक भी जरूरतमंद परिवार को ढाई लाख का भुगतान नही किया है। जब कि सभी बैंकों में शादी विवाह के लिए ढाई लाख रुपये पाने के लिए शादी कार्ड के साथ प्रथार्ना पत्र परिवार के मुखिया ने दिया है। उसके बाद भी एक भी परिवार को ढाई लाख का भुगतान नहीं किया गया।
पुराने नोट जमा करने से मना किया तो काटा हंगामा
वहीं बृहस्पतिवार को पीएनबी कोठी में तैनात कैशियर ने बैंकों में आये उपभोक्ता अपने खाते पर 1000-500 की नोट जमा करने से मना कर दिया उसका कहना था कि वह अब नोट नहीं जमा होंगे जिसको लेकर लोगों ने जमकर हंगामा काटा शाखा प्रबंधक ने बताया कि लोग कई बार खातों पर पुरानी नोट जमा कर रहे है। इसलिए मना किया गया जो लिखकर दे रहा है कि पहली जमा कर रहे उसका जमा हो रहा है।
एसबीआई मेन ब्रांच में लगा नकदी न होने का नोटिस
शहर की स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मेन ब्रांच में बृहस्पतिवार की सुबह से ही नकदी न होने का नोटिस लगा दिया गया। बताया गया कि जिसे पैसा जमा करना हो वह ही बैंक आए बैंक में नकदी नहीं दी जाएगी। ऐसे में आए दिन जहां यहां सैकड़ों लोगोें की भीड़ रहती थी वहीं काफी कम लोग बैंक पहुंचे। वहीं शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों के कई अन्य बैंकों में ही दोपहर बाद ही कैश खत्म होने की बात कहकर लोगों को बिना पैसे ही वापस कर दिया गया। बैंकों में कैश होने की समस्या को लेकर लोग खासे परेशान हैं। सबसे ज्यादा किल्लत तो आर्यावर्त ग्रामीण बैंक की शाखाओं में है जहां आए दिन कैश न होने की बात कहकर हर किसी को खाली हाथ लौटाया जा रहा है। यही कारण है कि लोग प्रदर्शन करने को मजबूर है।
बैंकों के पास जितनी नकदी है उस हिसाब से ग्राहकों को पैसा दिया जा रहा है। नकदी का संकट उच्च स्तर से है जिससे इसके लिए यहां से कुछ नहीं किया जा सकता है। बैंक आने वाले सभी लोगों की दिक्कतें दूर करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। -अशोक मिश्रा, एलडीएम