बाराबंकी। शहर में सक्रिय टप्पेबाज व चोर अब पुलिसकर्मियाें को भी नहीं बख्श रहे हैं। शहर में कचहरी के बाहर भीड़भाड़ वाली जगह से चौकी इंचार्ज की कार का शीशा तोड़ कर बदमाश उसके अंदर रखा बैग लेकर चंपत हो गए। बैग में नकदी के साथ धोखाधड़ी के मुकदमे की फाइल, मूल सीडी व अन्य चीजें रखी थीं। चौकी इंचार्ज ने कोतवाली में तहरीर देकर केस दर्ज कराया है।
शहर कोतवाली की बड़ेल चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर संजय कुमार यादव ने बृहस्पतिवार देर रात तहरीर देकर बताया कि वह न्यायालय के बाहर कार खड़ी कर सरकारी काम से अंदर गए थे। वापस आने पर कार का शीशा टूटा मिला और अंदर रखा बैग गायब था।
बैग में नकदी के अलावा वर्ष 2018 में दर्ज धोखाधड़ी के एक मामले की पुनर्विवेचना की फाइल, मूल सीडी, कई सरकारी कागजात, बैंक लॉक की चाबी आदि रखी थी। चौकी इंचार्ज की तहरीर पर शुक्रवार को अज्ञात पर चोरी का केस दर्ज किया गया है। फिलहाल इस घटना से पुराना केस पचड़े में पड़ता दिख रहा है। शहर कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
सावधान रहिए, सक्रिय है चोरों का गिरोह
यदि आपके पास कार है और शहर में कहीं पार्क करके जा रहे हैं तो अंदर कोई कीमती चीज न छोड़ें। क्योंकि चोरों का गिराेह सक्रिय है। अभी एक सप्ताह पहले एसपी कार्यालय के निकट शराब व्यापारी की कार का शीशा तोड़कर अपराधी एक लाख 82 हजार रुपयों से भरा बैग से ले उड़े थे। इसका भी केस दर्ज है।