बाराबंकी। सफदरगंज व बड्डूपुर थाना क्षेत्र में चोर दो बाइक व एक वाहन से साढ़े पांच हजार रुपये उड़ा ले गए। इनमें एक बाइक पुलिस चौकी के पास से चोरी हुई। फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के कसियापुर गांव के अतुल कुमार बड्डूपुर थाना क्षेत्र के भगौली में सब्जी खरीदने गए थे। उन्होंने अपनी बाइक पुलिस चौकी के पास खड़ी की थी। सब्जी खरीदकर लौटे तो बाइक गायब थी। वहीं, सफदरगंज थाने के तुरकानी गांव निवासी असगर अली बृहस्पतिवार शाम बिरौली गांव में लगा मेला देखने गए थे। बाइक मेला परिसर के बाहर खड़ी कर दी थी। दो घंटे बाद लौटे तो बाइक गायब थी। उधर, सफदरजंग थाना क्षेत्र के ही किढीकापुरवा निवासी शोभित वर्मा ने सफदरजंग थाने में तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार रात उनका ट्रक सैदनपुर के पास एक पेट्रोल पंप पर खड़ा था। उनके साथ तीन और लोग मौजूद थे। सुबह गाड़ी में रखे 55 सौ रुपये, मोबाइल फोन व खाना बनाने के बर्तन गायब थे। तीनों घटनाओं की पुलिस जांच कर रही है।