बाराबंकी। घरेलू गैस सिलेंडर से कार में लगे सिलेंडर में अवैध तरीके से गैस की रीफिलिंग की जा रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस और आपूर्ति निरीक्षक को देखकर रीफिलिंग करने वाले उपकरण मौके पर छोड़ भाग खड़े हुए। इस पर आपूर्ति निरीक्षक ने तीन लोगों के खिलाफ कोतवाली में केस दर्ज कराया है।
आपूर्ति निरीक्षक फतेहपुर आरएन मिश्रा ने बताया कि फतेहपुर नालापार दक्षिणी में एक कार में अवैध तरीके से घरेलू गैस सिलेंडर से गैस की रीफिलिंग किए जाने की सूचना मिली। इस पर एसडीएम पंकज सिंह से अनुमति लेकर एसआई प्रफुल्ल कुमार और सिपाही राजबहादुर के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की गई तो यहीं के निवासी मो. कफील, शाहरुख और कामिल टीम को देख मौके पर गैस रीफिलिंग करने वाले उपकरण छोड़कर फरार हो गए।
आपूर्ति निरीक्षक ने बताया कि मौके से बरामद उपकरण और गैस सिलेंडर को कब्जे में लेकर प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के लिए जिलाधिकारी से अनुमति मांगी गई थी। जिलाधिकारी से अनुमति मिलने के बाद तीनों के खिलाफ फतेहपुर कोतवाली में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज कराया गया है।