बाराबंकी। एक प्रापर्टी डीलर से तीन करोड़ 17 लाख रुपये की ठगी के आरोप में हरख की पूर्व ब्लॉक प्रमुख जाकिरुन निशा व उनके पति मुख्तार अहमद के खिलाफ शनिवार को शहर कोतवाली में केस दर्ज किया गया। एसपी के निर्देेश पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरु कर दी है।
लखनऊ के आशियाना स्थित एस्टोन विलेज प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक पंकज कुमार सिंह ने एसपी से बताया कि उनकी कंपनी लखनऊ के अलावा अन्य राज्यों मेें जमीन की खरीद-फरोख्त का काम करती है।
पंकज के अनुसार, चार दिसंबर 2020 को बाराबंकी के निकट शुक्लई गांव के पास 200 बीघा जमीन को लेकर जाकिरुन निशा व उनके पति मुख्तार अहमद के बीच एक 110 करोड़ रुपये का अनुबंध हुआ था। जिसे लेकर उनकी कंपनी ने जाकिरुन निशा के खाते में तीन करोड़ 17 लाख रुपये का भुगतान अग्रिम रुप से किया था।
इस जमीन का मानचित्र, सर्वे आदि में भी करीब 25 लाख खर्च हो गया। मगर काफी समय बाद भी जमीन का बैनामा नहीं होने पर रुपये लौटाने को कहा गया तो जो चेकें दी गई वह बाउंस हो गईं। प्रापर्टी डीलर के अनुसार, इसके बाद जमीन या पैसे के लिए कई बार जाकिरुन निशा व उनके पति मुख्तार अहमद से संपर्क किया गया मगर उल्टे जान से मारने की धमकी दी गई। इन लोगों ने मिलने से मना कर दिया।
एसपी ने इस मामले में सीओ को निर्देश दिया और फिर शनिवार को पूर्व ब्लॉक प्रमुख जाकिरुन निशा व उनके पति मुख्तार अहमद के खिलाफ शहर कोतवाली में धोखाधड़ी, अमानत में खयानत, साजिश रचने व धमकाने का मुकदमा दर्ज किया गया। कोतवाल संजय मौर्य ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।