बाराबंकी। आजमगढ़ जिले के एक व्यक्ति से बाराबंकी में प्लाॅट बेचने के नाम पर धोखाधड़ी व कूटरचना करने के आरोप में रियल एस्टेट कंपनी के मुख्य प्रबंध निदेशक समेत तीन के खिलाफ धोखाधड़ी का केस शहर कोतवाली में दर्ज किया गया है।
आजमगढ़ शहर के माेहल्ला एलवल निवासी अंकित श्रीवास्तव ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि आजमगढ़ के ही अरुषा अहरौला निवासी आरपी ग्रीन एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य प्रबंध निदेशक राजप्रताप सिंह, राघवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ नवीन सिंह व लखनऊ के सुजीत पांडेय ने आजमगढ़ में ही कार्यालय खोला था। बाराबंकी के देवा इलाके के कोना गांव में टाउनशिप बनाने की बात कही थी।
अंकित ने इसी में दो प्लॉट लिए थे। लेकिन जब कब्जा लेने गया तो दूसरा प्लाॅट दिया जाने लगा जो नहर के किनारे था। उसकी कीमत कम है। विरोध करने पर धमकी दी। शहर कोतवाल संजय मौर्य ने बताया कि तीनों आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।