बाराबंकी। नगर पंचायत रामनगर में शनिवार देर शाम चुनाव परिणामों को लेकर दो पक्षों में घंटों चले बवाल व मारपीट के मामले में रामनगर पुलिस ने शनिवार देर रात दोनों पक्षों के 13 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। तनाव को देखते हुए ने निगरानी बढ़ा दी है। लोगों को पाबंद किया जा रहा है। रामनगर कस्बे में मतगणना के परिणाम आने के बाद शनिवार शाम भाजपा प्रत्याशी बद्री विशाल व निर्दलीय प्रत्याशी दशाशंकर के समर्थकों में मारपीट हुई थी। इसमें करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए थ। देर रात दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। निर्दलीय प्रत्याशी दयाशंकर की तहरीर पर भाजपा प्रत्याशी बद्री विशाल के पुत्र विकास त्रिपाठी, कमलेश शुक्ला, लालता प्रसाद, हरिशंकर, रामेश्वर, रामकृष्ण, कृष्णाराम, शिवांश, वैभव व विपिन के खिलाफ घर में घुसकर गंभीर चोट पहुंचाने का केस दर्ज हुआ जबकि दूसरे पक्ष के रामेश्वर की तहरीर पर रमाशंकर तिवारी, निर्दलीय प्रत्याशी दयाशंकर व चंदन उर्फ सचिन तिवारी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। रामनगर के कोतवाल शिवनरायन सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस अलर्ट, सख्ती से निपटने के निर्देश
मतगणना के बाद नगर पालिका नवाबगंज च नगर पंचायतों में प्रत्याशियों व उसके समर्थकों के बीच चुनावी रंजिश की खबरें आ रही है। इसे लेकर एसपी दिनेश कुमार सिंह ने रविवार को सभी सीओ व थाना प्रभारियों को निर्देश देकर अलर्ट कर दिया है। एसपी ने निर्देश दिए है कि धारा 144 का पालन सख्ती से कराया जाय। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ पुलिस द्वारा तत्काल केस दर्ज कराया जाय। नगर पालिका नवाबगंज, हैदरगढ़, बेलहरा, दरियाबाद, फतेहपुर व रामनगर में पुलिस खास तौर पर अलर्ट रहेगी। इसके लिए पुलिस अपने डिजिटल संसाधनों का प्रयोग कर रही है। कंट्रोल रुम में भी सतर्क कर दिया गया है।