त्रिवेदीगंज (बाराबंकी)। लोनीकटरा थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में कार पर सवार वृद्ध दंपती की मौत हो गई। वहीं उनके भतीजे व बहू गंभीर रूप से घायल हो गए। कार पर सवार दो बच्चे सुरक्षित बच गए। यूपीडा एंबुलेंस से सभी को सीएचसी हैदरगढ़ पहुंचाया गया। दो घायलों को लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है।
लखनऊ के विकासनगर थाना क्षेत्र के खुर्रमनगर निवासी इकबाल (75), इनकी पत्नी रेहाना (70) बुधवार को सुल्तानपुर जिले के गंजेड़ी गांव में अपने एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होकर कार से लौट रहे थे। कार पर अमेठी जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के सिधियावां गांव निवासी हसीन अहमद (45), इनकी पत्नी नुशरत जहां (35), इनकी पुत्री लायबा (9) व पुत्र साहबान (6) सवार थे।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दयाराम पुरवा गांव के पास कार चला रहे हसीन स्टेयरिंग पर नियंत्रण नहीं कर सके और कार तेजी से डिवाइडर में जा टकराई। भीषण हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। सूचना पाकर यूपीडा कर्मी एंबुलेंस से मौके पर पहुंचे। सभी को आननफानन सीएचसी हैदरगढ़ पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने इकबाल व इनकी पत्नी रेहाना को मृत घोषित कर दिया। जबकि हसीन व उनकी पत्नी को लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी तो वे भी पहुंच गए। इस हादसे में दोनों मासूम बच्चे बाल-बाल बच गए।
............................................
घायल पहुंचे सीएचसी तो गायब थे फार्मासिस्ट
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से घायलों के सीएचसी हैदरगढ़ पहुंचने पर भारी लापरवाही उजागर हुई। छह लोगों को सीएचसी लाया गया तो यहां डॉ. विश्वनाथ मदेशिया व वार्ड ब्वॉय नूरुल ही मौजूद रहे। फार्मासिस्ट बिना सूचना लापता मिले। इसके चलते बाहरी लोगों की मदद से इलाज की औपचारिकता पूरी कर घायलों को लखनऊ रेफर किया गया। यह हालत तब है जब हैदरगढ़ क्षेत्र से दो नेशनल हाईवे व एक राजमार्ग व आधा दर्जन से अधिक प्रमुख सड़कें गुजरती हैं। अधीक्षक डॉ. मुकुंद पटेल ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
बाइक की टक्कर से साइकिल सवार युवक की मौत
सफदरगंज (बाराबंकी)। बाइक की टक्कर से साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। टिकैतनगर थाना क्षेत्र के अरुवा गांव निवासी सोहनलाल का पुत्र सूरज (25) दो दिन पहले साइकिल से अपने बहनोई के यहां चिलौकी गांव जा रहा था। इस दौरान बदोसराय मार्ग पर लालपुर गांव के पास बाइक टक्कर मार कर चली गई। युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, मगर मंगलवार को इलाज के दौरन उसक मौत हो गई। मृतक के भाई चंद्रिका प्रसाद की ओर से केस दर्ज हुआ है।