रामनगर(बाराबंकी)। रोडवेज के रामनगर बस अड्डे पर परिवहन निगम की बसें नहीं आती। इसके चलते बस अड्डा परिसर का इस्तेमाल निजी वाहनों के पार्किंग स्थल के बतौर किया जा रहा है। ऐसे में इलाके के ई रिक्शा चालक बेखौफ हो कर परिसर का प्रयोग अपना वाहन खड़ा कर सवारियां बैठाने में कर रहे हैं।
परिवहन निगम के आदेशानुसार गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, नेपाल आदि शहरों के लिए संचालित बसों का ठहराव यहां होना चाहिए। इसके बावजूद चालक स्टेशन पर बसों को नहीं रोकते हैं। वह सड़क किनारे बस खड़ी कर सवारियां बैठाकर आगे निकल जाते हैं। बाराबंकी-बहराइच हाइवे पर इस रोडवेज बस स्टेशन का निर्माण वर्ष 2008 में कराया गया था। इससे इस क्षेत्र से जुड़े यात्रियों में उम्मीद जगी थी कि अब बसों का ठहराव यहां होने से उनकी यात्रा आसान बनेगी।
जिम्मेदारों की लापरवाही के कारण बस स्टेशन पर बसों का ठहराव न होने से इसका कोई भी फायदा यात्रियों को नहीं मिल पा रहा है। पहले की तरह अभी भी यात्रियों को सड़क के किनारे खड़े हो कर ही गंतव्य के लिए बस पकड़ना पड़ती हैं। जबकि बस स्टेशन पर यात्री प्रतीक्षालय, सुलभ कंपलेक्स,पूछताछ केंद्र जैसी अन्य जरूरी सुविधाएं मौजूद हैं।
प्रतिदिन विभिन्न रूटों की करीब दो सौ बसों का आवागमन इस हाईवे से होता है। एआरएम रोडवेज जमीला खातून ने बताया कि रामनगर बस स्टेशन पर बसों का ठहराव सुनिश्चित कराने के साथ ही अवैध तौर से निजी वाहनों को खड़ा करने में हो रहे परिसर के इस्तेमाल पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी। या जाएगा।