यात्रियों से भरी एक परिवहन निगम की बस में अचानक शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। चालक ने बस को सड़क किनारे रोक दिया। बस में धुंआ उठता देख यात्रियों में भगदड़ मच गई। यात्रियों को किसी तरह से बाहर निकाला गया। पूरी बस धू-धूकर जल गई।
हालांकि, हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के बाद बस चालक व परिचालक फरार हैं।घटना फतेहपुर-बेलहरा मार्ग पर स्थित शारदा सहायक नहर पुल के पास की है।
सोमवार दोपहर बाराबंकी से बेलहरा की ओर करीब 15 सवारियां लेकर जा रही परिवहन विभाग की अनुबंधित बस में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। बेलहरा रोड पर शारदा सहायक नहर पुल पर अचानक बस में धुएं का गुबार भरने लगा। खतरे की आहट पाकर यात्रियों में दहशत फैल गई।
वे आननफानन में बस से उतर गए। यात्रियों के उतरते ही बस आग का गोला बन गई और बस धू-धू कर जलने लगी। बस में सवार यात्री चीख पुकार करने लगे। स्थानीय लोगों ने 101 नंबर पर सूचना देकर फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों को मामले से अवगत कराया। पुलिस व फायर ब्रिगेड टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।