बाराबंकी। मसौली के पास रोडवेज बस के इंजन में अचानक आग लगने से जली बस।
- फोटो : अमर उजाला
गोंडा से लखनऊ जा रही रोडवेज की चलती बस में अचानक आग लग गई। सोमवार की दोपहर मसौली के पास हुई इस घटना में बस पर सवार करीब 51 यात्री बाल-बाल बच गए है। मामले की जानकारी पर फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंची लेकिन तब तक बस में लगी आग को काबू कर लिया गया था। बताया जाता है कि बस में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से आग लगी थी।
गोंडा से लखनऊ के लिए 51 सवारियां बैठाकर जा रही रोडेवेज की बस में बहराइच मार्ग पर मसौली के पास अचानक आग लग गई। शॉर्ट सर्किट से बस में लगी आग से यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि इस दौरान बस चालक राजकपूर यादव ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को एक ढाबे के पास रोक दिया।
जिसके बाद आनन फानन में बस के सभी यात्रियों को नीचे उतारने के बाद ढाबे पर पानी से बस की आग को बुझाने का प्रयास किया जाने लगा। इस दौरान लोगों ने फायर ब्रिगेड को भी मामले की जानकारी दे दी लेकिन जब तक फायर कर्मी मौके पर पहुंचते, बस में लगी आग को काबू कर लिया गया था। इस घटना में बस में सवार सभी यात्री बाल बाल बच गए हैं।