नगर पालिका में आम आदमी पार्टी का सम्मेलन निपटाने के बाद लखनऊ जा रहे नगर
कोतवाली में तैनात एक दरोगा शनिवार को सड़क हादसे का शिकार हो गया।
गंभीर रूप से घायल दरोगा को लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। शहर कोतवाली में दरोगा के पद पर तैनात कैलाश नाथ वर्मा (50) जो कि मूल रूप से हरदोई जनपद का निवासी है शनिवार को नगर पालिका परिसर में आम आदमी पार्टी का कार्यक्रम निपटाने के बाद दोपहर बाद बाइक से लखनऊ जा रहा था।
कचेहरी के पास सामने से आ रही रोडवेज की बस ने उसे टक्कर मार दी। आमने-सामने की भिड़ंत में दरोगा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आसपास के लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत में सुधार न होते देख डाक्टरों ने उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।