हैदरगढ़ (बाराबंकी)। चंडीगढ़ से भाई के साथ बिहार प्रांत के छपरा जिला जा रहे निजी कंपनी के सुरक्षा कर्मी की रास्ते में तबीयत बिगड़ने पर बस से उतार दिया गया। सीएचसी हैदरगढ़ में उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना मंगलवार दोपहर की है।
बिहार के जिला छपरा के थाना गढऱका के रमगढ़ा निवासी सगे भाई विकास (37) और विजय हरियाणा के चंडीगढ़ में निजी कंपनी में सुरक्षाकर्मी हैं। विजय ने बताया कि विकास की तबीयत खराब होने के बाद मंगलवार को उसे गोल्डेन ट्रेवेल्स की बस से घर छोड़ने जा रहे थे। इस दौरान लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे के टोल प्लाजा के पास हालत ज्यादा बिगड़ने पर बस के चालक को जानकारी दी तो चालक ने एंबुलेंस का नंबर डायल कर दोनों को उतार दिया।
विकास को किसी तरह सीएचसी लाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव लेकर घर जाने के लिए कोई व्यवस्था न होने पर स्वास्थ्य कर्मियों ने आपसी सहयोग से निजी एंबुलेंस की व्यवस्था कराई। इसके बाद भाई विकास का शव लेकर बिहार चला गया। कोतवाल अजय त्रिपाठी ने बताया कि बीमारी से मौत होने के कारण भाई ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया था। संवाद