फतेहपुर कस्बे में नगर पंचायत कार्यालय के सामने मोहल्ला काजीपुर वार्ड 2 में हाशिम का तीन मंजिला घर था। सोमवार की भोर करीब तीन बजे पूरा घर तेज धमाके के साथ ढह गया। सूचना मिलते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। मलबे से बाहर निकाले गए हाशिम की पत्नी शकीला (50), पुत्री रोशनी (20), पुत्र सुलतान (25), सलमान (22), समीर (15) पौत्री महक (10) पुत्री गुड्डू के अलावा पड़ोसी इस्लामुद्दीन के घर में सो रही उसकी पत्नी कुलसुम (50), पुत्र जफरुल हसन (22), हकीमुद्दीन (28) व पुत्री जैनब फातिमा (8) को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने रोशनी व हकीमुद्दीन को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य आठ लोगों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया।
हादसे में आजम (18) पुत्र हाशिम, अल्तमस पुत्र इस्लामुद्दीन को मामूली चोटें आईं, जबकि हाशिम की पुत्रवधू शाहीन, पौत्री परी (10), पौत्र बिलाल (4) सुरक्षित बाहर निकाले गए। सीडीओ एकता सिंह, एसपी दिनेश कुमार सिंह, एडीएम अरुण कुमार सिंह की निगरानी में कई थानों की पुलिस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ टीम के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें हादसे के 10 घंटे के बाद दानिश (14) का शव बाहर निकाला, लेकिन 15 घंटे बाद भी गुड्डू उर्फ आफताब (30) का पता नहीं चल सका है। हादसे में पड़ोसी इस्लामुद्दीन के अलावा उस्मान व मुन्ना के घर व दर्जियान मस्जिद क्षतिग्रस्त हो गई। राज्यमंत्री सतीश शर्मा, विधायक साकेंद्र वर्मा समेत सभी दलों के जनप्रतिनिधियों व नेताओं ने घटनास्थल व अस्पताल पहुंचकर जायजा लिया और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए मदद का आश्वासन दिया। एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या नींव कमजोर होने व ग्राउंड फ्लोर पर बैट्रियां रखे होने की बात सामने आई है। मलबा हटने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं प्रभारी डीएम/सीडीओ एकता सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार को शासन के निर्देशानुसार मदद मुहैया कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने इस हादसे में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर जाकर राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं।