बाराबंकी। बहन को प्रताड़ित किए जाने की जानकारी मिलने पर युवक अपनी बहन के ससुर से कहासुनी करने बाइक से निकला था। इसकी सूचना मिलते ही बहनोई गुस्से से आगबबूला हो गया। वह कार लेकर तेज रफ्तार में आया और गांव के बाहर सड़क पर जैसे ही साला बाइक से जाता दिखा, उसने कार से जोरदार टक्कर मारते हुए उसे कुचल डाला। कोठी थाना क्षेत्र में चार दिन पहले सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घटना 24 जून को कोठी क्षेत्र में कैसरगंज-सिद्धौर मार्ग की है। रामसनेहीघाट के एक गांव निवासी युवक की कार से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मृतक के ही बहनोई, उसके भाई और पिता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था।
पुलिस की जांच में सामने आया कि मृतक की बहन ने पिछले वर्ष अपने ससुराल के गांव के एक व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद से बहनोई अपनी पत्नी पर मुकदमे में मनमाफिक बयान देने के लिए प्रताड़ित कर रहा था। जब यह बात युवक को पता चली तो वह 24 जून को बहनोई के घर पहुंचा। वहां बहन के ससुर ने युवक की जमकर कहासुनी हुई। युवक के वहां से निकलते ही ससुर ने अपने बेटे को फोन कर पूरी घटना बता दी।
कोठी थाना प्रभारी डीपी सिंह ने बताया कि यह सुनते ही बहनोई भड़क गया। वह कार लेकर निकला और रास्ते में गांव के बाहर सड़क पर बाइक से जा रहे अपने साले को देखकर जानबूझकर तेज रफ्तार कार चढ़ा दी। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बाकी दोनों की तलाश जारी है।