जहांगीराबाद (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र में स्थित ब्रिटानिया फैक्टरी के बाहर युवतियों से अश्लील हरकत कर रहे युवकों को बस चालक ने मना किया तो युवकों ने आठ-दस साथियों के साथ पहुंचकर चालक व उसके साथी की पिटाई कर दी। साथ ही बस के शीशे तोड़ दिए गए। चालक ने थाने में तहरीर देकर मोबाइल व रुपये लूटने का आरोप भी लगाया है।
ब्रिटानिया कंपनी के बस चालक विजय कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दो सितंबर को करीब ढाई बजे दो अज्ञात युवक फैक्टरी से निकलीं लड़कियों से अश्लील हरकत करने लगे। इसका विरोध किया तो इससे चिढ़े दोनों युवक अपने आठ-दस साथियों के साथ रात करीब 9:30 बजे रात फैक्टरी के बाहर पहुंचे और बस का शीशा ईंट-डंडों से तोड़कर पिटाई कर दी। शोर सुनकर दूसरा चालक पवन कुमार बचाने आया तो उसकी भी पिटाई कर दी। आरोप है कि दोनों लोगों के मोबाइल व रुपये भी लूट लिए। एक युवक को पहचान लिया गया है। थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।