प्रधानी चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और सोमवार से पहले चरण के दावेदारों का नामांकन भी शुरू हो जाएगा। नामांकन में नो ड्यूज जरूरी है। पहले चरण के नामांकन के लिए शनिवार को नो ड्यूज बनवाने का आखिरी दिन था। इस कारण रामनगर, सूरतगंज, फतेहपुर और निंदूरा ब्लॉकों में जबरदस्त भीड़ थी। अंतिम दिन का फायदा उठाकर ब्लॉक कर्मियों ने प्रधान के प्रति दावेदार से तीन सौ रुपये की अवैध वसूली की। चारों ब्लॉकों में दो दिन के अंदर करीब 2 हजार दावेदारों ने नो ड्यूज बनवाया और इनसे करीब 6 लाख रुपये की वसूली की गई है।
प्रधानी चुनाव के पहले चरण का चुनाव रामनगर, सूरतगंज, फतेहपुर और निंदूरा ब्लॉक में 28 नंवबर को होगा। चारों ब्लॉकों की करीब 366 ग्राम पंचायतों से हजारों की संख्या में प्रधान पद के दावेदार हैं। यहां पर नामांकन की प्रक्रिया 16 नंवबर से शुरू होगी। नामांकन भरने के लिए उम्मीदवारों को नो ड्यूज की जरूरत होती है। शनिवार को नो ड्यूज बनने का अंतिम दिन था। इसी का फायदा उठाकर ब्लॉक कर्मियों ने प्रधान पद के प्रति दावेदारों से तीन सौ रुपये की अवैध वसूली की। कुछ लोगों ने सुबह विरोध किया लेकिन देर होती देख उन्होंने भी चुपचाप रुपया देकर नो ड्यूज बनवाया।
जबकि नो ड्यूज जारी करने का सरकारी शुल्क नहीं है। दो दिनों के अंदर चारों ब्लॉकों से करीब 2 हजार के आसपास नो ड्यूज जारी कर करीब 6 लाख रुपये की अवैध वसूली की गई। ऐसा नहीं है कि इस बात की जानकारी ब्लॉकों पर मौजूद बीडीओ, आरओ और एसडीएम को नहीं है। आरोप है कि इन सबकी मिलीभगत से ये खेल खेला जा रहा है। इस पर रोक लगाने में जिला प्रशासन भी पूरी तरह से नाकाम है।