सीएचसी सूरतगंज से रेफर एक प्रसूता को मंगलवार रात जिला अस्पताल पिकअप से लाया जा रहा था। रास्ते में प्रसव पीड़ा होने पर पिकअप में ही महिला का प्रसव हो गया। परिवारीजनों ने सीएचसी प्रभारी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सीएमओ से शिकायत की है।
मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के ग्राम टांडा निवासी इश्तियाकुल पत्नी वसीम को मंगलवार देर शाम प्रसव पीड़ा शुरू हुई। जिसे परिवारीजनों ने सूरतगंज सीएचसी में भर्ती कराया।
वहां ड्यूटी पर मौजूद एएनएम अन्नपूर्णा मिश्रा ने पीड़िता से 15 सौ रुपये व बाहर से दवा लाने की बात कही। परिवारीजनों ने पैसे का अभाव बताया तो एएनएम ने अभद्रता करते हुए कहा कि पैसे नहीं लाए थे तो आए क्यों? इसके बाद एएनएम ने क्रिटिकल केस बताकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिवारीजनों का आरोप है कि दो घंटे बाद भी एंबुलेंस के न आने के बाद पिकअप से महिला को जिला अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में पिकअप में प्रसव हो गया। महिला को वापस फतेहपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। महिला के पति ने वसीम ने सीएचसी प्रभारी व एएनएम पर उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए सीएमओ से शिकायत की ।
पिकअप में महिला का प्रसव होने व एएनएम द्वारा सुविधा शुल्क मांगना व बाहर से दवाई लिखने की कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर शिकायत मिलती है तो मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
- रवींद्र कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी