फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Barabanki News: कुएं में मिला लापता युवती का शव, हत्या की आशंका

Sat, 17 Oct 2026 02:09 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बाराबंकी
विज्ञापन
विज्ञापन
रामनगर। रामनगर के एक गांव में शुक्रवार सुबह खेत में स्थित कुएं में युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवती के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। वह 13 अक्तूबर से लापता थी। पिता ने अगले दिन गुमशुदगी दर्ज कराई थी। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने युवती के परिजनों को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया है।
विज्ञापन


पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह एक किसान गांव के बाहर खेत में कीटनाशक का छिड़काव करने गया था। दवा में पानी मिलाने के लिए वह पास के खेत में स्थित कुएं पर पहुंचा तो अंदर शव दिखाई दिया। उसके शोर मचाने पर ग्रामीण जुट गए। पुलिस ने शव को कुएं से निकलवाया। करीब एक घंटे में युवती की पहचान पड़ोस के गांव की निवासी के रूप में हुई। वह बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। युवती के पिता ने बताया कि बेटी 13 अक्तूबर को लापता हो गई थी। अगले दिन रामनगर कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
ग्रामीणों के मुताबिक, युवती का गांव के ही एक सजातीय युवक से करीब दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती प्रेमी के साथ रहने की जिद करती थी, जिसको लेकर परिवार में नाराजगी थी। करीब छह महीने पहले भी मामला थाने पहुंचा था। उसके बाद गांव में पंचायत भी हुई थी तब पुलिस ने दोनों परिवारों को बुलाकर बातचीत की थी। ग्रामीणों का दावा है कि उस समय नवरात्र में दोनों की शादी कराने की बात तय हुई थी।
विज्ञापन

गला दबाकर हत्या की आशंका
ग्रामीणों के अनुसार, कुएं से शव निकालने के दौरान काफी दुर्गंध आ रही थी और युवती का शरीर फूल गया था। गले के पास चोट के निशान भी दिखाई दिए। आशंका जताई गई कि उसकी हत्या करीब तीन दिन पहले हुई होगी। कुएं के पास शव घसीटने के निशान मिलने की बात भी सामने आई है। हालांकि, मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी।
दोनों परिवारों के घरों में ताला
ग्रामीणों के मुताबिक, शव मिलने की सूचना गांव पहुंचने पर युवती और उसके प्रेमी के घरों में ताला लगा मिला। बाद में पुलिस ने युवती के पिता को खोजकर पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया। प्रेमी की तलाश की जा रही है।
युवक ने की थी आत्महत्या की कोशिश
ग्रामीणों के अनुसार, युवक मुंबई में काम करता था। वह 13 अक्तूबर को युवती से शादी की उम्मीद लेकर गांव आया था। परिजनों के तैयार नहीं होने की जानकारी मिलने पर उसने फंदे से लटककर जान देने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने समय रहते उसे बचा लिया था।
एसपी रवीना त्यागी ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। परिजनों से पूछताछ के साथ कॉल डिटेल रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। जांच के बाद ही मौत की वजह और घटना में किसी की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें