देवा (बाराबंकी)। एक युवक का शव गांव के बाहर पेड़ पर फंदे से लटकता मिला है। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक देवा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बचनूपुरवा निवासी उपेश चौहान (19) पुत्र राम सुरेश चौहान मंगलवार देर रात घर से बिना बताए निकला था और वह देर रात तक घर नहीं लौटा। परिवारीजनों ने काफी तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चला।
बुधवार भोर में ग्रामीणों ने सूचना दी कि घर से कुछ दूर पर स्थित एक जामुन के पेड़ पर उपेश का शव फंदे पर लटका हुआ है। सूचना मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। आनन-फानन में मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
प्रभारी कोतवाली देवा प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने पर मौत का कारण पता लग सकेगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।