बाराबंकी। फोन पर किसी से बता करने के बाद रात को घर से निकला एक युवक गुरुवार सुबह नाले में मृत पड़ा मिला। परिवारीजनों ने युवक की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ पुलिस जांच कर रही है।
सुबेहा थाना क्षेत्र के पलिया प्राथमिक विद्यालय के पीछे नाला में गुरुवार सुबह एक युवक का शव मिला। उसकी पहचान गांव के पवन तिवारी (29) पुत्र शशिकरन के रूप में हुई। परिवारीजनों ने बताया कि बुधवार रात 10 बजे पवन के मोबाइल पर किसी की कॉल आई थी। उसके बाद वह घर से निकला था। सुबह बाद वापस नहीं लौटा तो परिवारीजन उसकी तलाश में निकले। स्कूल के पीछे नाले में उसका शव मिला। सूचना पर थाना प्रभारी गंगेश शुक्ला ने मौके पर पहुंच कर जांच की। पुलिस के मुताबिक युवक के शरीर पर चोट के निशान नहीं है। उसका मोबाइल फोन नहीं मिला है। पिता ने हत्या किए जाने की आशंका जताई है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिवारीजनो ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है।