बाराबंकी। जैदपुर और बड्डूपुर थाना क्षेत्रों में दो विवाहिताओं की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। जैदपुर में मुंडन संस्कार के दिन एक विवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। परिजनों का आरोप है विवाहिता की हत्या कर उसका शव फंदे से लटकाया गया है। मृतका के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं बड्डूपुर में भी पति की गैरमौजूदगी में एक विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला।
जैदपुर थाना क्षेत्र के कोपवा गांव निवासी बृजकिशोर के घर शुक्रवार को एक वर्षीय पुत्री तान्वी का मुंडन समारोह था। कार्यक्रम में रिश्तेदारों के साथ ही डिंपल (25) के मायके पक्ष के लोग भी शामिल थे। घर में व्याप्त खुशी का माहौल शनिवार भोर होते ही मातम में बदल गया। सुबह पांच बजे बृजकिशोर ने पत्नी डिंपल का शव कमरे में फंदे से लटकता मिला। पति ने पुलिस को बताया कि वह पत्नी और बेटी के साथ शुक्रवार रात कमरे में सोया था। सुबह पत्नी का शव फंदे से लटकता मिला।
मृतका के परिजनों ने डिंपल की हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि रात भर सब सामान्य था और किसी अनहोनी की आशंका नहीं थी। जैदपुर के एसएचओ संतोष सिंह ने बताया कि डिंपल के मायके वालों की तहरीर पर पति बृजकिशोर समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।
उधर, थाना बड्डूपुर क्षेत्र के थनैतपुर गांव में भी शनिवार सुबह एक विवाहिता स्तुति वर्मा (26) का शव घर के कमरे में टिनशेड से बंधे फंदे से लटका मिला। स्तुति का विवाह दिसंबर 2024 में हुआ था। पति अभिनव वर्माहरिद्वार में काम करने गया था। घर पर सास-ससुर और पत्नी स्तुति ही थी। शनिवार सुबह जब स्तुति ने दरवाजा नहीं खोला और फोन भी रिसीव नहीं किया तो ससुर ने उसके मायके सूचना दी। मायके पक्ष के लोगों के पहुंचने के बाद दरवाजा तोड़ने पर स्तुति का शव फंदे से लटका मिला। बड्डूपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि अब तक किसी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर तय होगी।
कैसे होगा मासूम तान्वी का लालन-पालन
जैदपुर की घटना में एक साल की तान्वी अब बिना मां के रह गई है। मां की मौत और पिता के जेल जाने से वह किसके सहारे रहेगी यह सवाल गांव के लोगों को झकझोर रहा है। लोग यही पूछते दिख रहे हैं कि रात भर में ऐसा क्या हुआ कि मुंडन की खुशी पल भर में मातम में बदल गई।