बाराबंकी। अलग-अलग जगहों पर हुई तीन घटनाओं में तालाब व सरयू नदी में दो युवक, एक किशोर व एक अन्य व्यक्ति डूब गए। देर शाम दोनों युवकों के साथ तीन लोगों के शव तो बरामद हो गए लेकिन किशोर की तलाश जारी है। इन हादसों से परिवारों में मातम का माहौल व्याप्त है।
देवा कोतवाली क्षेत्र के टेराकला गांव में संजू रावत का पुत्र अंशु प्रजापति (18) व गांव निवासी वारिस (22) पुत्र मो. आरिफ बृहस्पतिवार शाम को गांव में स्थित एक बड़े तालाब में अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ बोटिंग कर रहे थे। अंश व आरिफ एक नाव पर तो बाकी दूसरी नाव पर सवार थे। शाम करीब पांच बजे अंश वाली नाव असंतुलित होकर पलट गई। यह देख दूसरी नाव पर सवार अन्य तीनों युवकों ने तालाब किनारे पहुंचकर बचाव के लिए चीख पुकार मचाना शुरू की। मौके पर जुटे ग्रामीण तालाब में उतरे लेकिन दोनों का कुछ पता नहीं लगा।
पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर सर्च ऑपरेशन शुरू कराया तो शाम करीब सवा सात बजे 15 मिनट के अंतराल पर अंश व आरिफ के शव मिलने पर परिजनों में रोना पिटना मच गया। वहीं, टिकैतनगर थाना क्षेत्र के बद्दलनपुरवा गांव निवासी रामेश्वर निषाद (50) बुधवार शाम को मछली पकड़ने सरयू नदी किनारे लोढ़ेमऊ घाट गए थे। जाल लगाने के दौरान वह गहरे पानी में डूब गए। स्थानीय गोताखोरों की तलाश के बाद बृहस्पतिवार शाम करीब छह बजे रामेश्वर का शव मिला ।
उधर, बृहस्पतिवार दोपहर बाद खालिस बाहरपुर गांव के शिवलाल शुक्ला का पुत्र आकाश शुक्ला (16) चार अन्य साथियों के साथ सुबेहा क्षेत्र के मंगौआ ग्राम पंचायत में अमृत सरोवर में स्नान करने गया था। नहाने के दौरान आकाश शुक्ला गहरे पानी में जाकर डूब गया। देर शाम तक किशोर की तलाश में पुलिस टीम जुटी रही।