बाराबंकी। यूपी बोर्ड की परीक्षा के लिए जिला समिति ने 100 केंद्रों की अंतिम सूची पर गुरुवार को अपनी मुहर लगा दी है। इसके बाद विभाग ने बोर्ड के पोर्टल पर फाइनल सूची अपलोड कर दी। इसमें पहले परीक्षा केंद्र बने 20 कॉलेज बाहर कर दिए गए है। 12 अन्य कॉलेजों को केंद्र बनाने की सूची में शामिल किया गया है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज की जिले के सौ केंद्रों पर होने वाली परीक्षा में हाईस्कूल के 41510 और इंटरमीडिएट के 31392 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। इस परीक्षा के लिए 108 परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की सूची बोर्ड ने जारी की थी। इसमें मानक विहीन कई कॉलेज परीक्षा केंद्र बन गए थे। इसको लेकर 105 आपत्तियां आईं। डीएम डॉ. आदर्श सिंह की अध्यक्षता में इसको लेकर दो बार बैठकें हुईं। विद्यालयों से प्राप्त हुई आपत्तियों की जांच जिला विद्यालय निरीक्षक व एसडीएम से कराकर उनका निस्तारण किया गया। इसके बाद अनंतिम सूची में शामिल 20 कॉलेज बाहर किए गए। 12 नए कॉलेजों को जोड़ा गया। जिला समिति की मुहर लगने के बाद केंद्रों की सूची यूपी बोर्ड के पोर्टल पर अपलोड कर दी गई।