बाराबंकी। मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को पहले विशेष अभियान में मतदेय स्थलों पर बीएलओ तो पहुंचे, लेकिन मतदाताओं में कोई खास उत्साह देखने को नहीं मिला। मतदेय स्थलों पर मतदाताओं की आवक काफी कम रही। हर मतदेय स्थल पर इक्का-दुक्का लोगों ने ही मतदाता बनने एवं संशोधन के लिए आवेदन किया। उधर, स्थलों पर बीएलओ की मौजूदगी देखते को अधिकारी भ्रमणशील रहे। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने रामसनेहीघाट में पांच मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं।
विशेष अभियान के तहत जिले की अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के 2615 मतदेय स्थलों पर सुबह 10 से शाम चार बजे तक बीएलओ मौजूद रहे। शहर के जीजीआईसी व बंकी ब्लॉक के मतदेय स्थलों पर बीएलओ तो मौजूद रहे, लेकिन मतदाताओं की संख्या काफी कम रही। यही हाल जिले भर के मतदेय स्थलों का रहा। उधर, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी चंद्रशेखर ने बूथों का निरीक्षण कर अभियान की हकीकत परखी।
उन्होंने सदर विधानसभा क्षेत्र के बड़ेल के चार, प्राइमरी स्कूल सफेदाबाद, मोहम्मदपुर चौकी, जैदपुर के दादरा, रामसनेहीघाट के भिटरिया प्रथम व द्वितीय, पटेल पंचायती इंटर कॉलेज मतदान केंद्र के तीन बूथों का निरीक्षण किया। मतदाता सूची, ऑनलाइन आवेदन के बारे में बीएलओ से जानकारी ली और दिव्यांग मतदाता व 80 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं का सत्यापन घर-घर कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम सदर विजय कुमार त्रिवेदी, रामसनेहीघाट रामासरे वर्मा, तहसीलदार शरद कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।