बाराबंकी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि भाई-भतीजावाद, जातिवाद, भ्रष्टाचार एवं माफिया के जाल में जकड़ा उत्तर प्रदेश योगी के नेतृत्व में विकास की नई बुलंदियां छू रहा है। योगी सरकार का साढ़े चार साल का कार्यकाल उपलब्धियों से भरा पड़ा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष शुक्रवार को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को ऑनलाइन माध्यम से बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विपक्ष पर प्रहार करते हुए कहा कि पंचायत चुनाव में विपक्ष का सूपड़ा साफ हो गया है। प्रदेश की जनता ने पंचायत चुनाव के जरिये विपक्ष को घर बैठने एवं भाजपा को प्रदेश का विकास करने का जनादेश दिया है।
उन्होंने सपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कोरोना की वैक्सीन को भाजपा की वैक्सीन बताने वाले छोटी सोच के नेता देश को नई दिशा देने वाले उत्तर प्रदेश का नेतृत्व करने का सपना देख रहे हैं जो कभी पूरा नहीं होने वाला है।
उन्होंने कोरोना महामारी से निपटने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए आयुष्मान भारत, स्वामित्व योजना, किसान सम्मान निधि सहित कई योजनाओं की विस्तार से चर्चा की। समापन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान कार्यकर्ताओं से किया।
उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान जीवन बचाने एवं जीविका चलाने के लिए युद्ध स्तर पर कई प्रयास किये। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सभी का आभार जताया। इस मौके पर जिला अध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संतोष सिंह, विवेकानंद पांडेय, रचना श्रीवास्तव, प्रमोद तिवारी, मनोज वर्मा, संदीप गुप्ता, गुरुशरण लोधी, विजय आनंद बाजपेई, हेमंत सिंह व प्रशांत श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।